1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. मुंबई एयरपोर्ट पर बम की धमकी भरे कॉल से मचा हड़कंप, पुलिस ने ली चप्पे-चप्पे की तलाशी

मुंबई एयरपोर्ट पर बम की धमकी भरे कॉल से मचा हड़कंप, पुलिस ने ली चप्पे-चप्पे की तलाशी

बम की धमकी मिलते ही हड़कंप मच गया। एयरपोर्ट की सुरक्षा में मौजूद सुरक्षाकर्मी अलर्ट मोड में आ गए। पूरे परिसर में तलाशी अभियान चलाया गया।

Mumbai Airport- India TV Hindi
Image Source : PTI मुंबई एयरपोर्ट

मुंबई: मुंबई के इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बम की धमकी मिलते ही हड़कंप मच गया। एयरपोर्ट की सुरक्षा में मौजूद सुरक्षाकर्मी अलर्ट मोड में आ गए। पूरे परिसर में तलाशी अभियान चलाया गया। इस तलाशी में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। 

एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस को शुक्रवार को छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (सीएसएमआईए) के टर्मिनल 2 पर बम विस्फोट की धमकी भरा एक कॉल आया। इस कॉल के बाद पूरे परिसर की तलाशी ली गई। हालांकि जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। मुंबई पुलिस के मुख्य नियंत्रण कक्ष में मिली यह कॉल एक झूठी कॉल थी। अधिकारी ने कहा, "एक और कॉल भी आई थी जिसमें दावा किया गया था कि विस्फोट शाम 6:15 बजे होगा। जांच में पता चला है कि दोनों कॉल एक ही व्यक्ति ने की थीं। मामला दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।"

एक अन्य अधिकारी ने बताया कि रेलवे पुलिस के नियंत्रण कक्ष को भी छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस पर विस्फोट की धमकी भरा एक कॉल आया था, हालांकि बम निरोधक दस्ते (बीडीडीएस) और श्वान दस्ते द्वारा गहन जांच के बाद यह भी एक झूठी कॉल निकली।

हाल के दिनों में आए धमकी भरे कॉल

  • 17-19 जुलाई 2025: नवी मुंबई पुलिस आयुक्त और संयुक्त आयुक्त के कार्यालयों में कई धमकी भरे फोन आए। इनमें मुंबई-अहमदाबाद की उड़ान में बम होने और हवाई अड्डे पर विस्फोट करने की धमकी दी गई थी। इन सभी धमकियों को जांच के बाद अफवाह करार दिया गया और पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया।
  • 27-28 मई 2025:: एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी से झगड़े के बाद हताशा में मुंबई एयरपोर्ट पर बम होने की झूठी सूचना दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
  • 17 मई 2025:: मुंबई एयरपोर्ट पुलिस को एक ईमेल के जरिए हवाई अड्डे और ताज महल पैलेस होटल को बम से उड़ाने की धमकी मिली। इस ईमेल में आतंकवादी अफजल गुरु का भी जिक्र था। जांच के बाद यह धमकी भी फर्जी निकली।
  • 7 मई2025:: चंडीगढ़ से आ रही इंडिगो की एक उड़ान में बम की धमकी के बाद मुंबई हवाई अड्डे पर उसकी आपातकालीन लैंडिंग कराई गई। विमान की सघन तलाशी ली गई, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
  • 14 नवंबर 2024: मुंबई एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया था। सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पूरे परिसर की जांच की, लेकिन यह भी एक अफवाह ही साबित हुई।