1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. मुंबई के विक्रोली पश्चिम में भारी बारिश से भूस्खलन, दो लोगों की मौत, दो घायल

मुंबई के विक्रोली पश्चिम में भारी बारिश से भूस्खलन, दो लोगों की मौत, दो घायल

विक्रोली पार्क साइट इलाके में आज सुबह भूस्खलन के चलते दो लोगों की मौत हो गई जबकि दो लोग घायल हो गए। भारी बारिश के चलते पहाड़ी क्षेत्र से मिट्टी और पत्थर एक घर पर आ गिरा।

मुंबई में भारी बारिश,...- India TV Hindi
Image Source : VIDEO GRAB/ANI मुंबई में भारी बारिश, रेड अलर्ट जारी

मुंबई: मुंबई में भारी बारिश के चलते भूस्खलन की खबर है। जानकारी के मुताबिक  विक्रोली पार्क साइट इलाके में आज सुबह भूस्खलन के चलते दो लोगों की मौत हो गई जबकि दो लोग घायल हो गए। यह हादसा विक्रोली पश्चिम स्थित वर्षा नगर जन कल्याण सोसाइटी में हुआ। यहां पहाड़ी क्षेत्र से मिट्टी और पत्थर खिसककर एक घर पर आ गिरे। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। दो लोग घायल हैं, जिन्हें राजावाड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

देर रात 2.30 बजे हुआ हादसा

 बताया जाता है कि हादसे के बाद मलबे से चार लोगों को बाहर निकाला गया। चारों को तुरंत राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया। सुरेश मिश्रा (50 वर्ष) और शालू मिश्रा ( 19 वर्ष) की मौत हो गई जबकि आरती मिश्रा (45 वर्ष) और ऋतुज मिश्रा (2 वर्ष)  घायल हैं। यह हादसा देर रात 2.30 बजे के करीब हुआ। उस वक्त घर में सभी लोग सो रहे थे। इसी बीच अचानक पहाड़ी क्षेत्र में भूस्खलन हुआ और मलबा घर पर आ गिरा।

मुंबई में बारिश का रेड अलर्ट

बता दें कि मुंबई में मूसलाधार बारिश हो रही है। भारी बारिश के चलते शहर के कई हिस्सों में जलभराव हो गया। यहां मौसम विभाग ने बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।  मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार और रविवार को यहां भारी बारिश होगी।

इन इलाकों में पानी भरने की खबर

भारी बारिश के चलते मुंबई के निचले इलाकों में जलभराव हो गया है। गांधी मार्केट, किंग्स सर्कल, अंधेरी सबवे, चेंबूर, कुर्ला, मिलन सबवे और एससीएलआर ब्रिज इलाके में पानी भरने की खबर है। दादर और सायन रेलवे स्टेशन पर भी रेल पटरियों पर पानी भर गया है।

लोगों को अलर्ट रहने की सलाह

मु्ंबई पुलिस ने भी लोगों को अगाह किया है कि शहर में भारी बारिश हो रही है इसलिए लोग अनावश्यक घर से बाहर नहीं निकलें। कहीं भी आते-जाते समय अत्यंत सावधानी बरतें। इस संबंध में मुंबई पुलिस ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट भी डाला है। मुंबई पुलिस भारी बारिश को लेकर अलर्ट मोड में है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।