महाराष्ट्र में मुंबई के भायखला इलाके में आयोजित मोहर्रम के जुलूस में लोगों को जिंक फॉस्फाइड के कैप्सूल बांटने वाले फैयाज प्रेमजी ने पुलिस को अपने बयान में बताया है कि उसके निशाने पर जुलूस में शामिल कम से कम 15 हजार लोग थे। आरोपी ने सभी को अलग-अलग बातें कहकर कैप्सूल्स बांटे, जैसे- बच्चों को टॉफी, कुछ को नियाज और बहुत सारे लोगों को पेन किलर या एंटीबायोटिक बताकर यह कैप्सूल आरोपी ने बांटे।
जिंक फॉस्फाइड वाले कैप्सूल से हजारों लोगों को मारना चाहता फैयाज
आरोपी ने कैप्सूल के अंदर एक पर्ची भी बना कर रखी थी जो उसने खुद ही तैयार की थी, जिसमें साफ तौर पर लिखा है कि इसे 8 साल से ज्यादा उम्र के बच्चे और प्रेग्नेंट महिलाएं भी कंज्यूम कर सकती हैं। मुंबई में मुहर्रम के दिन डोंगरी इलाके में जुलूस-ए-शाम-ए-गरीबा के दिन फैयाज प्रेमजी ने एक बड़ी साजिश रची थी। जिंक फॉस्फाइड की मदद से वह हजारों लोगों को मारना चाहता था।
बच्चों को टॉफी और कुछ नियाज कहकर बांटा कैप्सूल
पुलिस इस पूरे मामले में आरोपी के मोटिव की जांच कर रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, यह पूरा मामला धार्मिक नजर आ रहा है। हालांकि, इसकी औपचारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। वहीं, इस जुलूस के आयोजक हबीब नासिर ने बताया कि कैसे उस दिन जुलूस के दौरान आरोपी फैयाज प्रेमजी लोग को नियाज (प्रसाद) या विटामिन की गोली बताकर लोगों को गुमराह कर रहा था। मुंबई पुलिस का शुक्रिया अदा करेंगे कि उन्होंने सही समय पर आरोपी को पकड़ लिया।
बोरे के अंदर रखकर लाया था कैप्सूल
मुंबई में मोहर्रम के दिन लोगों को जहरीले कैप्सूल देकर मारने की साजिश रचने वाला फैयाज प्रेमजी मुंबई के डोंगरी इलाके में स्थित सन डोरमेट्री में रुका हुआ था। डॉरमेट्री के मैनेजर जाकिर हुसैन ने बताया कि फैयाज पिछले साल भी यहां आकर रुका हुआ था, उसने एक बोरे के अंदर कैप्सूल रखे हुए थे। हालांकि, उस वक्त उन्हें पता नहीं था जब वह अपना सामान लेकर आया था। पुलिस ने फैयाज को यहीं से गिरफ्तार किया जब गिरफ्तारी हुई तब वह सोया हुआ था। पुलिस अभी आरोपी के असल मकसद का पता लगाने की जुटी हुई है।
ये भी पढ़ें- कैसे पकड़ा गया मोहर्रम के जुलूस में जिंक फॉस्फाइड के कैप्सूल बांटने वाला फैयाज?