1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. सैफ अली खान पर हमला करने वाला कैसे पहुंचा था भारत, मात्र 10 हजार रुपये में हो गई थी एंट्री

सैफ अली खान पर हमला करने वाला कैसे पहुंचा था भारत, मात्र 10 हजार रुपये में हो गई थी एंट्री

सैफ अली खान पर हमला करने की योजना चोर की नहीं थी, लेकिन सैफ अली खान के अचानक सामने आ जाने के कारण आरोपी ने ऐसा किया। दरअसल पुलिस ने सैफ अली खान पर हुए हमले का सीन रीक्रिएट किया, जिसमें ये सब बातें अबतक सामने आई हैं।

Mumbai police recreated scene of attack on saif ali khan said There was no plan to attack Saif Ali K- India TV Hindi
Image Source : FILE PHOTO सैफ अली खान पर हुए हमले का पुलिस ने रीक्रिएट किया सीन

सैफ अली खान पर हमला करने वाला आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है। ऐसे में मुंबई पुलिस की टीम ने कल सैफ अली खान के घर पर जाकर क्राइम सीन को रीक्रिएट किया। इससे कई बातें बिल्कुल साफ हो गई। दरअसल आरोपी चोरी के इरादे से घर में घुसा था। हालांकि उसे बिल्कुल भी नहीं लगा था कि सैफ अली खान उसे पकड़ लेंगे। वह केवल चोरी करने के इरादे से आया, लेकिन जब सैफ ने उसे पकड़ लिया तो उसने सैफ हमला कर दिया। दरअसल पास की ही बिल्डिंग से होते हुए वह सैफ की बिल्डिंग में 4 फुट की दीवार कूदकर घुसा उसने देखा कि सिक्योरिटी गार्ड बिल्डिंग एरिया में सो रहे थे। जानकारी के मुताबिक बिल्डिंग के एंट्री प्वाइंट पर उसने एक सिक्योरिटी गार्ड को भी देखा। इसके बाद वह बेसमेंट एरिया में घुस गया, जहां उसने फायर डक का उपयोग  किया।

कैसे सैफ अली खान के घर तक पहुंचा चोर

इसके बाद फायर डक के जरिए आरोपी चौथी मंजिल पर पहुंचा और फिर सीढ़ियों के जरिए आरोपी 10वीं मंजिल तक पहुंच गया। फिल डक के रास्ते पाइप का उपयोग कर वह बाथरूम तक पहुंचा। क्राइम सीन रीक्रिएशन के बाद पुलिस शरीफुल को बिल्डिंग के पास उस पटवर्धन गार्डन में ले गई, जहां वह साधु वासवानी पेट्रोल पंप और फिर खार के एक होटल में जाने से पहले कुछ देर छिपा रहा। इसके बाद वह नेशनल कॉलेज के बाहर एक बस स्टॉप पर गया, जहां वह सुबह 4 बज के आसपास सो गया और सुबह 8 बजे बांद्रा रेलवे स्टेशन गया, जहां से वह दादर जाने वाली ट्रेन में सवार होकर वर्ली चला गया।

बांग्लादेश से भारत कैसे आया चोर

पुलिस ने बताया कि मात्र 10 हजार रुपये देकर एजेंट की मदद से शरीफुल इस्लाम दावकी नदी के जरिए भारत में आया था। एजेंट ने असम पहुंचने में शीरपुल की मदद की और उसके बाद कोलकाता की बस में भी चढ़ाया। इस दौरान एजेंट ने ही सिम कार्ड लेने में आरोपी की मदद की। शरीफुल पहले वर्ली के एक क्लब में काम करता था, जहां उसे 13 हजार रुपया महीना की तनख्वाह मिलती थी। वहां चोरी करने की कोशिश की तो उसे निकाल दिया गया। फिर वह ठाणे के एक क्लब में काम करने लगा। लेकिन यहां भी उसकी नौकरी छूट गई, जिसके बाद आरोपी ने चोरी करने का इरादा बनाया। बांग्लादेश से कोलकाता पहुंचने के बाद वह तीन दिन कोलकाता में रहा इसके बाद वह मुंबई पहुंचा।

सैफ अली खान पर हमले की नहीं थी प्लानिंग

सैफ अली खान पर हमला करने से पहले आरोपी लगभग 3 घंटे तक बांद्रा के अलग-अलग इलाकों में घूम रहा था। इस दौरान आरोपी के पास चोरी का सारा सामान था, जैसे हथौड़ा, स्क्रूड्राइवर, हेक्सा ब्लेड इत्यादि। जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने जिस चाकू से सैफ अली खान पर हमला किया, वह उसने ठाणे के रेस्टोरेंट से चुराया था। सैफ पर हमला करने के बाद आरोपी काफी घंटे तक बांद्रा के खार इलाके में रहा। पुलिस को आरोपी ने बताया है कि उसे बिल्कुल इस बात का अंदाजा नहीं था कि उसने किसपर हमला किया था और सैफ पर हमला बिल्कुल भी सुनिश्चित नहीं था। पुलिस को जांच के दौरान पता लगा कि उसने वर्ली में चाय के लिए 6 और 18 जनवरी को भुर्जी पाव के लिए 60 रुपये ऑनलाइन पेमेंट के जरिए ट्रांसफर किया, जिसके बाद उसकी लोकेशन का पता चला और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।