1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. कुछ घंटों की बारिश से डूबी मुंबई, दौरा करने पहुंची मेयर के सामने नाले में जा गिरा BMC का कर्मचारी-VIDEO

कुछ घंटों की बारिश से डूबी मुंबई, दौरा करने पहुंची मेयर के सामने नाले में जा गिरा BMC का कर्मचारी-VIDEO

मुंबई में बुधवार सुबह से ही भारी बारिश हो रही है। शहर के अलग-अलग इलाकों में जलभराव हो गया है। इससे लोगों को खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

नाले में जा गिरा BMC कर्मचारी- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT नाले में जा गिरा BMC कर्मचारी

मुंबई में पिछले कुछ घंटे से जोरदार बारिश हो रही है। इस बीच मुंबई की मेयर रितु तावड़े जिन जगहों पर जलजमाव हुआ था। उस जगह का दौरा करने पहुंची। तभी उनके सामने ही बीएमसी का एक कर्मचारी खुले हुए नाले में गिर पड़ा। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।

बारिश से रेल सेवाएं प्रभावित

मुंबई में मंगलवार को रातभर हुई भारी बारिश के कारण बुधवार सुबह उपनगरीय रेल सेवाएं प्रभावित हुईं, निचले इलाकों में पानी भर गया है। यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार सुबह आठ बजे तक पिछले 24 घंटे की अवधि में महानगर के कुछ हिस्सों में 200 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई। 

जारी हुआ बारिश का अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 24 घंटे में मुंबई और उसके उपनगरों में गरज एवं बिजली चमकने के साथ मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान जताया है। 

महापौर से नालों की सफाई का आग्रह

सत्तारूढ़ शिवसेना की विधान परिषद सदस्य मनीषा कायंदे ने मुंबई की महापौर रितु तावड़े से नालों की अच्छी तरह सफाई कराने और उनमें से सूखा कचरा हटवाने के प्रयास तेज करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान जलभराव और यातायात संबंधी बाधाओं को रोकने के लिए ये कदम उठाना बेहद जरूरी हैं। 

इस मुद्दे पर न की जाए राजनीति

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाली महायुति सरकार में शामिल शिवसेना की नेता कायंदे ने यह भी कहा कि इस मुद्दे को राजनीतिक नजरिये से नहीं देखा जाना चाहिए और लोगों की समस्याओं के समाधान पर ध्यान केंद्रित किया जाना चाहिए। उन्होंने विधान भवन परिसर में संवाददाताओं से कहा, 'यह राजनीति का नहीं, बल्कि लोगों की समस्याओं के समाधान का विषय है।' 

औसतन 195 MM हुई बारिश

बृहन्मुंबई महानगरपालिका पर भाजपा और शिवसेना का नियंत्रण है। नगर निकाय के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार सुबह आठ बजे तक पिछले 24 घंटे की अवधि में शहर में औसतन 195 मिलीमीटर, पश्चिमी उपनगरों में 208 मिलीमीटर और पूर्वी उपनगरों में 167 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। 

13 देरी से पहुंचा मानसून

बता दें कि दक्षिण-पश्चिम मानसून अपनी सामान्य आगमन तिथि से 13 दिन की देरी से मंगलवार को मुंबई पहुंचा, जिससे शहर और उपनगरों में व्यापक पैमाने पर बारिश हुई। भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली है। 

ये भी पढ़ें: 

डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू... भारत में अमेरिकी राष्ट्रपति के नाम पर रखा गया सड़क का नाम, जानिए क्या है खास वजह

मुंगेर गंगा घाट पर दर्दनाक हादसा, स्नान के दौरान 5 बच्चियां डूबीं, 4 सगी बहनें शामिल, एक का शव मिला