मुंबई के प्रसिद्ध सिद्धिविनायक मंदिर में एक चौंकाने वाला चोरी का मामला सामने आया है, जिसमें मंदिर के स्टाफ की ही संलिप्तता पाई गई है। पुलिस ने अब तक 80,000 रुपये नकद बरामद किए हैं। साथ ही मामले में अब तक कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच में पता चला है कि चोरी उस समय की गई जब दान पेटियों को एक कमरे से दूसरे कमरे में ले जाया जा रहा था। आरोपियों ने शक से बचने के लिए पेटियों से उंगलियों के जरिए धीरे-धीरे पैसे निकाले। इस मामले में ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ शामिल था, जो बाद में चोरी की रकम आपस में बांट लेते थे।
पिछले दो महीनों से हो रही थी चोरी
यह चोरी पिछले दो महीनों से जारी थी। शनिवार को FIR दर्ज की गई, जिसके बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए कई गिरफ्तारियां कीं। कुछ आरोपी पुलिस हिरासत में हैं, जबकि अन्य को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
मामले में पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम हैं: राजेंद्र पेंडुरकर, शरद घाडी, समीर शिवालकर, अरविंद कडगे, अनिल रहाटे, पद्माकर आडकर, अभिषेक मुलिक और महेंद्र भाईजे। मामले की आगे की जांच चल रही है और आने वाले दिनों में और भी खुलासे होने की संभावना है।