1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. पेट्रोल पंप मालिक की कार से 25 लाख रुपये चोरी, कार का शीशा तोड़कर पैसे ले भागे बदमाश

पेट्रोल पंप मालिक की कार से 25 लाख रुपये चोरी, कार का शीशा तोड़कर पैसे ले भागे बदमाश

नागपुर में एक पेट्रोल पंप मालिक की कार से बदमाशों ने दिनदहाड़े 25 लाख रुपये लूट लिए। बदमाशों ने कार का शीशा तोड़ा और पैसे से भरा बैग लेकर फरार हो गए।

nagpur 25 lakh rupees stolen from the car of a petrol pump owner miscreants broke the glass of the c- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT पेट्रोल पंप मालिक की कार से 25 लाख रुपये चोरी

महाराष्ट्र के नागपुर जिले में लूट की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया है। दरअसल सदर थाना क्षेत्र के तहत फराज सिद्दकी नामक एक पेट्रोल पंप मालिक की कार का शीशा तोड़कर अज्ञात चोरों ने 25 लाख रुपये से भरा हुई बैग चोरी कर लिया। यह घटना श्रीराम टॉवर परिसर के सामने हुई, जहां वह अपने एक कारोबारी मित्र से मिलने के लिए कुछ देर तक रुके हुए थे। जानकारी के अनुसार, फराज सिद्दकी अपने व्यवसायिक पार्टनर के ऑफिस से 25 लाख रुपये कैश लेकर निकले थे। इस दौरान उन्हें श्रीराम टॉवर में अपने एक मित्र से मिलना था। टॉवर की पार्किंग में जगह न मिलने के कारण उन्होंने अपनी कार सड़क के किनारे खड़ी कर दी और मित्र से मिलने चले गए। 

पुलिस ने दर्ज किया केस

इसके कुछ समय बाद जब वह वापस लौटे तो उन्होंने देखा कि उनकी कार का बीच वाला शीशा टूटा हुआ था और अंदर रखा कैश से भरा बैग गायब था। यह देख वे हैरान रह गए और तुरंत सदर पुलिस थाने जाकर शिकायत दर्ज करवाई। सूचना मिलते ही सदर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रथम दृष्टया यह मामला सुनियोजित प्रतीत हो रहा है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या चोर पहले से ही फराज सिद्दकी का पीछा कर रहे थे। पुलिस द्वारा आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि चोरों की पहचान की जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का भरोसा दे रही है। घटना के बाद पेट्रोल पंप मालिक की शिकायत के बाद शहर के सदर पुलिस थाने मे लूट का मामला दर्ज कर लिया है। 

20 लाख रुपये की ठगी

बता दें कि बीते दिनों नवी मुंबई में तंत्र-मंत्र और अनुष्ठानों के जरिए पैसे दोगुना करने का लालच देकर एक वकील से 20 लाख रुपये ठगने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया था। दरअसल तुर्भे संभाग के सहायक पुलिस आयुक्त मयूर भुजबल ने कहा कि 22 जुलाई को वकील को 20 लाख रुपये लेकर एक किराए के फ्लैट में बुलाया गया। जहां दोनों आरोपियों ने एक अनुष्ठान के तहत उससे प्रार्थना करवाई और इस दौरान वे पैसे लेकर फरार हो गए। उन्होंने कहा, 'आरोपियों ने भागते समय वकील को कमरे में बंद कर दिया। उस समय सीबीडी थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और महाराष्ट्र मानव बलि एवं अन्य अमानवीय, अनैतिक व अघोरी प्रथा तथा काला जादू रोकथाम एवं उन्मूलन अधिनियम, 2013 के तहत मामला दर्ज किया था।'