1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. चेहरे पर उड़ा रहा था सिगरेट का धुआं, मना किया तो प्रॉपर्टी डीलर के सीने पर घोंप दिया चाकू

चेहरे पर उड़ा रहा था सिगरेट का धुआं, मना किया तो प्रॉपर्टी डीलर के सीने पर घोंप दिया चाकू

सीने में चाकू घोंपने से पहले प्रॉपर्टी डीलर को लाठी-डंडों से पीटा गया। जब वह भागने लगा तो हमलावरों ने उसके सीने पर चाकू घोंप दिया। पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
Image Source : PIXABAY सांकेतिक तस्वीर

महाराष्ट्र के नागपुर शहर में एक दुकान पर एक व्यक्ति द्वारा चेहरे पर सिगरेट का धुआं उड़ाने का विरोध करना एक प्रॉपर्टी डीलर को महंगा पड़ गया, जब उसने आपत्ति जताई तो आरोपी ने उसकी छाती में चाकू मार दिया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। 

दुकान मालिक गिरफ्तार

पुलिस ने कहा कि यशोधरा नगर इलाके में रविवार रात को यह घटना हुई थी। पीड़ित ललित गणेश मोहादिकर की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुकान के मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया है। 

जानबूझकर चेहरे उड़ाया सिगरेट का धुआं

पुलिस ने कहा कि 36 वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर रात करीब 10:30 बजे सैयद साबिर (35) की पान की दुकान पर गया था। दुकान पर पहले से ही कुछ लोग मौजूद थे और उनमें से एक ने जानबूझकर मोहादिकर के चेहरे पर सिगरेट का धुआं उड़ाया, जिससे उनके बीच कहासुनी हो गई। 

लाठियों से भी किया हमला

कहासुनी के बाद मामला तेजी से बिगड़ गया। आरोपियों ने कथित तौर पर मोहदिकर पर लाठियों से हमला किया, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, जब मोहादिकर ने अपनी मोटरसाइकिल से भागने की कोशिश की तो उन्होंने उसे गाड़ी से धक्का दे दिया और फिर उनमें से एक ने उसके सीने में चाकू घोंप दिया। 

हालत है गंभीर

मोहादिकर को सरकारी मायो अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने कहा कि यशोधरा नगर पुलिस थाने में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया गया है और दुकान मालिक साबिर को गिरफ्तार कर लिया गया है। (भाषा के इनपुट के साथ)