1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. मूसलाधार बारिश से नागपुर बेहाल, स्कूल-कॉलेज बंद, विदर्भ में 'ऑरेंज अलर्ट' जारी

मूसलाधार बारिश से नागपुर बेहाल, स्कूल-कॉलेज बंद, विदर्भ में 'ऑरेंज अलर्ट' जारी

IMD Rain Alert: महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, नागपुर समेत विदर्भ के कई इलाको में जमकर बारिश होगी।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE प्रतीकात्मक फोटो

IMD Rain Alert: महाराष्ट्र के नागपुर में  पिछले 48 घंटों से मूसलाधार बारिश हो रही है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने नागपुर में भारी बारिश जारी रहने की संभावना जताई है। भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनजर नागपुर जिले के सभी स्कूल, कॉलेज और कोचिंग सेंटर 9 जुलाई 2025 को बंद रहेंगे। यह आदेश जिला कलेक्टर डॉ. विपिन इटनकर ने जारी किया है।

कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी 

महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में आज के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें नागपुर सहित अमरावती, अकोला, चंद्रपुर और गढ़चिरौली जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। नागपुर में मंगलवार सुबह 8:30 बजे से बुधवार सुबह 5:30 बजे तक 172.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जिससे शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है।

प्रादेशिक मौसम विभाग, नागपुर के अनुसार, पश्चिम बंगाल के पास बने निम्न दबाव क्षेत्र के कारण विदर्भ का पूर्वी हिस्सा विशेष रूप से प्रभावित हुआ है। नागपुर, अकोला, अमरावती और वर्धा में अत्यधिक बारिश हुई है।

नागरिकों के लिए चेतावनी

मौसम विभाग ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है और कुछ सुझाव भी जारी किए हैं-

  • निचले इलाकों में रहने वाले लोग विशेष रूप से सतर्क रहें।
  • बारिश के दौरान वाहन धीमी गति से चलाएं।
  • मेघगर्जना (गरज-चमक) होने पर पेड़ों के नीचे खड़े न हों।

मुंबई और पुणे का मौसम

वहीं, मुंबई में आज अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। शहर में बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। पुणे शहर में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, जबकि पुणे के घाट क्षेत्रों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

ये भी पढ़ें-

Bharat Bandh: 'नौ जुलाई को भारत बंद है', किसने बुलाया है भारत बंद, क्या खुला रहेगा क्या रहेगा बंद? जानें सबकुछ

यूपी में बुधवार को पूरे दिनभर हड़ताल पर रहेंगे 27 लाख बिजली कर्मचारी, क्या ठप हो जाएगी पावर सप्लाई?