महाराष्ट्र के नागपुर के वाठोडा इलाके में स्थित एक फार्महाउस में बुधवार रात स्विमिंग पूल में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। युवक की पहचान 22 वर्षीय प्रांजल नितिन रावले के रूप में हुई है। यह घटना बुधवार रात करीब 2.0 बजे पंढुर्ना गांव में स्थित एक फार्महाउस में हुई, जहां प्रांजल अपने दोस्त का जन्मदिन मना रहा था।
तैरना नहीं जानता था युवक
पुलिस के मुताबिक, प्रांजल तैरना नहीं जानता था और पार्टी के दौरान वह अचानक स्विमिंग पूल में कूद गया। उसके दोस्तों ने शुरू में यह समझा कि वह मजाक कर रहा है, लेकिन कुछ ही देर बाद वह गहरे पानी में जाने लगा। जब दोस्तों ने देखा कि वह गंभीर स्थिति में है, तो उन्होंने उसे किसी तरह से बाहर निकाला। प्रांजल की हालत बहुत बिगड़ चुकी थी और उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वाठोडा थाने में दर्ज हुआ मामला
वाठोडा थाने के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना दुर्घटनावश हुई है और पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारी के अनुसार, इस समय पुलिस मामले की जांच कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह हादसा किस प्रकार हुआ, क्या युवक की स्विमिंग पूल में डूबने से मौत हुई?
लाठी डंडों से पिटाई के बाद शख्स की मौत
एक अन्य खबर में, नागपुर में शराब की अवैध दुकान का शीशा तोड़ने पर एक शख्स की कथित रूप से हत्या कर दी गई। इस हत्या के आरोप में 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मृतक का आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस ने बताया कि सूरज भलावी की बुधवार सुबह शहर के मेयो अस्पताल में मौत हो गई। वाडी थाने के एक अधिकारी ने बताया कि भलावी के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं और मंगलवार रात को उसने खांडगांव रोड स्थित एक शराब की दुकान का शीशा तोड़ दिया, जिसके बाद उसका दुकान के कर्मचारियों से झगड़ा हो गया था। पुलिस के अनुसार, लाठी डंडों से उसकी पिटाई की गई और बाद में उसे पास की झाड़ियों में फेंक दिया गया। भलावी का भाई उसे अस्पताल ले गया, जहां अगली सुबह उसकी मौत हो गई। मामले की जांच की जा रही है। (इनपुट- भाषा)
ये भी पढ़ें-
पाकिस्तान में बेइज्जत हो रही PAK Army, खैबर पख्तूनख्वा में फूटी बगावत की चिंगारी
10 हजार की शर्त और बिना पानी मिलाए 5 बोतल शराब पी गया युवक, इलाज के दौरान मौत, पिता बनने के 8 दिन बाद की बेवकूफी