A
  1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. शरद पवार का राज्यसभा जाना लगभग तय, कांग्रेस और उद्धव ठाकरे ने दिया समर्थन, कल करेंगे नामांकन

शरद पवार का राज्यसभा जाना लगभग तय, कांग्रेस और उद्धव ठाकरे ने दिया समर्थन, कल करेंगे नामांकन

शरद पवार एक बार फिर से राज्यसभा जा सकते हैं। महा विकास अघाड़ी के उम्मीदवार के तौर पर शरद पवार का समर्थन कांग्रेस करेगी।

Sharad Pawar- India TV Hindi
Image Source : PTI/FILE शरद पवार

मुंबई: महाविकास आघाडी कोटे से शरद पवार राज्यसभा जाएंगे। कांग्रेस और उद्धव ठाकरे शिवसेना ने समर्थन दिया है। एमवीए ने जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस कर शरद पवार के नाम की उनके उम्मीदवारी की घोषणा की। इस जॉइंट पीसी में यूबीटी शिवसेना से कोई नेता मौजूद नहीं रहा।  

शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले ने कहा कि मैं कांग्रेस और उद्धव ठाकरे शिवसेना के सभी नेताओ का धन्यवाद अदा करती हूं । कांग्रेस ने और यूबीटी शिवसेना दोनों ने शरद पवार के नाम पर सहमति जताई। हम सभी का धन्यवाद अदा करते हैं। हम एमवीए केंद्र और राज्य में एकजुटता से काम करते है आगे भी करेंगे। हम सभी कल शरद पवार साहब के नॉमिनेशन के लिए हाजिर रहेंगे।

कल सुप्रिया सुले पहुंची थीं मातोश्री

कल खुद सुप्रिया सुले मातोश्री पहुंची थीं और उन्होंने उद्धव ठाकरे से मुलाकात कर शरद पवार को उम्मीदवार बनाने की विनती की थी। लेकिन इस बैठक के तत्काल बाद आदित्य ठाकरे ने ट्वीट कर ऐलान कर दिया कि अब तक राज्यसभा उम्मीदवार के मुद्दे पर फैसला नहीं हो पाया है, चर्चा जारी है।

आदित्य के इस बयान से शिवसेना यूबीटी ने यह संदेश देने का प्रयास किया है कि वह आखिरी लम्हे तक राज्यसभा सीट से अपना दावा नहीं छोड़ेंगे, वहीं कांग्रेस समर्थन देने की ऐवज में विधान परिषद की एक सीट मांग रही है लेकिन ठाकरे सेना इसके लिए भी तैयार नहीं है।

कब हैं चुनाव?

राज्यसभा की सात सीटों के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख पांच मार्च है। चुनाव 16 मार्च को होंगे और मतों की गिनती भी उसी दिन होगी। 

किन नेताओं का खत्म हो रहा कार्यकाल

अप्रैल में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शप) के प्रमुख शरद पवार, शिवसेना (उबाठा) नेता प्रियंका चतुर्वेदी, राकांपा (शप) की फौजिया खान, आरपीआई (आठवले) के रामदास आठवले, भाजपा के भागवत कराड, कांग्रेस की रजनी पाटिल और राकांपा के धैर्यशील पाटिल का राज्यसभा कार्यकाल समाप्त हो जाएगा।

गौरतलब है कि बीते दिनों शरद पवार काफी चर्चा में रहे थे। उनके भतीजे अजित पवार का जब विमान हादसे में निधन हुआ था तो शरद पवार ने कहा था कि अजित पवार एनसीपी को वापस एकजुट करना चाहते थे। वहीं जब अजित की पत्नी को डिप्टी सीएम बनाने का फैसला लिया गया था, तब भी शरद पवार ने कहा था कि उन्हें इस बारे में नहीं बताया गया।

शरद पवार इसलिए भी चर्चा में रहे क्योंकि उन्हें तबीयत खराब होने की वजह से हालही में हॉस्पिटल में एडमिट करवाया गया था। जिसके बाद से उनके समर्थक उनकी सेहत को लेकर चिंता जता रहे थे।