लातूर: NEET पेपर लीक मामले में गिरफ्तार किए गए RCC क्लासेस से जुड़े शिवराज मोटेगांवकर सर का शीश महल चर्चा में है। लातूर में NEET पेपर लीक मामले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे करोड़ों की संपत्ति और आलीशान जिंदगी के नए खुलासे सामने आ रहे हैं। RCC क्लासेस से जुड़े शिवराज मोटेगावकर का लग्जरी बंगला अब जांच एजेंसियों और लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
क्या है बंगले की खासियत?
इस आलीशान घर का नक्शा रामोजी फिल्म सिटी के इंजीनियरों द्वारा तैयार किए जाने की जानकारी सामने आई है। करीब पांच हजार स्कवायर फुट में बना यह आलीशान बंगला किसी महल से कम नहीं दिखता। विशाल पार्किंग एरिया, राजस्थानी राजपूताना स्टाइल के कमरे और हर दीवार पर यूरोपियन डिजाइन वाला महंगा लकड़ी का इंटीरियर इसे आकर्षक बनाता है।
सिर्फ दीवारें ही नहीं, बल्कि पूरे घर में इम्पोर्टेड लकड़ी की फ्लोरिंग की गई है। चार मंजिला इस बंगले में ऐशो-आराम की हर सुविधा मौजूद बताई जा रही है। लातूर के पॉश और VIP इलाके में बना यह बंगला अब लोगों के बीच चर्चा का केंद्र बन गया है। स्थानीय लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर इतनी बड़ी संपत्ति का स्रोत क्या है?
NEET पेपर लीक जांच के बीच मोटेगांवकर की संपत्तियों को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। जांच एजेंसियां अब आर्थिक लेन-देन और संपत्तियों के नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही हैं। फिलहाल जांच जारी है लेकिन लातूर में अब चर्चा सिर्फ पेपर लीक की नहीं, बल्कि उस कथित काले साम्राज्य की भी हो रही है, जो इस पूरे नेटवर्क से खड़ा हुआ बताया जा रहा है।
100 करोड़ रुपये से अधिक का टर्नओवर
मिली जानकारी के मुताबिक, RCC के विभिन्न केंद्रों में हर साल करीब 40,000 छात्र दाखिला लेते हैं। फीस संरचना के आधार पर वार्षिक टर्नओवर 100 करोड़ रुपये से अधिक का माना जाता है। (रिपोर्ट- लातूर से आसिफ पटेल)
वीडियो में देखें अलीशान घर-