1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. '15 लाख करोड़ पड़े हुए हैं, मैं खर्चा नहीं कर पा रहा हूं', नागपुर में बोले केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी

'15 लाख करोड़ पड़े हुए हैं, मैं खर्चा नहीं कर पा रहा हूं', नागपुर में बोले केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी

गडकरी ने कहा. 'पैसा है मार्केट में ,जाओ तो लोग पैसा लेकर खड़े हैं, पर काम नहीं हो रहा। लेकिन जिस दिन आप काम की शुरुआत करोगे, तब आपको पता चलेगा इतने लोग आएंगे, इतने जॉब क्रिएट होंगे कि आप दे नहीं पाओगे।"

Nitin Gadkari- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV नितिन गडकरी

नागपुर: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी अपने बेबाक बोल के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने शनिवार को नागपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि उनके पास पैसों की कोई कमी नहीं है। 15 लाख करोड़ रुपये पड़े हुए हैं। काम करने वालों की कमी है। गडकरी ने एसोसिएशन ऑफ इंडस्ट्री डेवलपमेंट की तरफ से आयोजित कार्यक्रम में यह बात कही।

पैसा मार्केट में है, काम करने वालों की कमी

नितिन गडकरी ने अपने संबोधन में कहा, "मैं काम करता हूं, मेरे पास पैसे की कमी नहीं है, मैं ऐसा व्यक्ति हूं कि मेरे पास 15 लाख करोड़ पड़े हुए हैं, मैं खर्चा नहीं कर पा रहा हूं, काम करने वालों की कमी है, पैसा है मार्केट में ,जाओ तो लोग पैसा लेकर खड़े हैं, पर काम नहीं हो रहा। लेकिन जिस दिन आप काम की शुरुआत करोगे, तब आपको पता चलेगा इतने लोग आएंगे, इतने जॉब क्रिएट होंगे कि आप दे नहीं पाओगे, इतना पोटेंशियल है।"

5 सालों में 5 लाख नए रोजगार

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने आने वाले 5 सालों में 5 लाख नए रोजगार खड़े करने के संकल्प का आह्वान करते हुए कहा कि हम विदर्भ की इकोनामिक ग्रोथ में योगदान दें ,इससे इकोनॉमी की ग्रोथ होगी, इससे नागपुर शहर को स्मार्ट शहर बना पाएंगे। अनेक गांवों को विकसित कर पाएंगे।

एंप्लॉयमेंट ग्रोथ पर जोर

गडकरी ने कहा कि हम एंप्लॉयमेंट ग्रोथ बढ़ाना चाहते हैं, हमारा उद्देश्य यही है कि विदर्भ के युवाओं के लिए रोजगार निर्माण करें। एसोसिएशन इंडस्ट्री डेवलपमेंट को संबोधित करते हुए गडकरी ने कहा कि आप लोगों का टारगेट यह होना चाहिए की, 5 साल में लगभग 5 लाख लोगों को रोजगार उपलब्ध हो, केंद्रीय मंत्री गडकरी ने कहा कि यह योग है कि, वह जो कहते हैं वह टारगेट पूरा हो जाता है। गडकरी ने कहा कि जब मिहान (Multi-modal International Hub Airport at Nagpur)) बन रहा था नागपुर में तो कुछ लोगों ने विरोध किया था। उस समय हमने कहा था कि एक लाख लोगों को रोजगार देंगे और एक लाख लोगों को अब तक रोजगार दिया जा चुका है।