1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. पालघर के फार्मा कंपनी में नाइट्रोजन गैस का हुआ रिसाव, चार लोगों की मौत, 2 का इलाज जारी

पालघर के फार्मा कंपनी में नाइट्रोजन गैस का हुआ रिसाव, चार लोगों की मौत, 2 का इलाज जारी

महाराष्ट्र के पालघर जिले में स्थित एक फार्मा कंपनी ने नाइट्रोजन गैस का रिसाव हुआ है। इस हादसे में 4 कर्मियों की मौत हो गई है, जबकि 2 लोगों का इलाज अस्पताल में जारी है।

Nitrogen gas leaked in a pharma company in Palghar four people died 2 are undergoing treatment- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT प्रतीकात्मक तस्वीर

महाराष्ट्र के पालघर जिले के तारापुर एमआईडीसी में स्थित एक दवा कंपनी में बृहस्पतिवार को नाइट्रोजन गैस का रिसाव होने से कम से कम चार कर्मियों की मौत हो गई। दो अन्य कर्मी गंभीर रूप से प्रभावित हुए हैं। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह घटना बोईसर के औद्योगिक क्षेत्र में स्थित ‘मेडले फार्मा’ में दोपहर को हुई। बोईसर मुंबई से करीब 130 किलोमीटर दूर है। पालघर जिला आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख विवेकानंद कदम ने कहा कि अपराह्न ढाई से तीन बजे के बीच कंपनी की एक इकाई में नाइट्रोजन गैस का रिसाव हुआ जिससे वहां काम कर रहे कर्मचारी प्रभावित हुए। 

चार लोगों की हुई मौत

उन्होंने बताया, ‘‘छह कर्मियों को अस्पताल ले जाया गया जहां शाम को चार कर्मियों की मौत हो गई।’’ कदम ने कहा कि दो अन्य को एक स्थानीय अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान कल्पेश राउत, बंगाली ठाकुर, धीरज प्रजापति और कमलेश यादव के रूप में हुई है, जबकि रोहन शिंदे और नीलेश हडाल का इलाज किया जा रहा है। बता दें कि बीते दिनों मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भी ऐसा ही हादसा देखने को मिला था। 

भोपाल में भी हुआ था गैस रिसाव

दरअसल यहां गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक कारखाने में कथित तौर पर क्लोरीन गैस का रिसाव हो गया, हालांकि इससे कोई नुकसान नहीं हुआ। गोविंदपुरा की उप पुलिस अधीक्षक अदिति भावसार ने ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में कहा, ‘‘सूचना मिली थी कि यहां क्लोरीन गैस का रिसाव हुआ। इसके तुरंत बाद राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा आपातकालीन मोचन बल (एसडीईआरएफ), पुलिस की टीम और साथ ही नगर निगम की टीम भी मौके पर पहुंच गई।’’

(इनपुट-भाषा)