A
  1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. ‘मां मत मारो, मत मारो...', चिल्लाती रही नाबालिग बेटी, निर्दयी मां ने पत्थर से कुचलकर की हत्या-VIDEO

‘मां मत मारो, मत मारो...', चिल्लाती रही नाबालिग बेटी, निर्दयी मां ने पत्थर से कुचलकर की हत्या-VIDEO

नाबालिग बेटी की हत्या किए जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि मृत बच्ची पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी।

जांच में जुटी पुलिस की टीम- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT जांच में जुटी पुलिस की टीम

महाराष्ट्र के पालघर जिले से सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां जिले के नालासोपारा के संतोषभुवन इलाके में हत्या की वारदात सामने आई है। शुक्रवार शाम अज्ञात कारणों से एक मां ने अपनी ही नाबालिग बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने कहा कि मृत लड़की पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी और उसकी उम्र करीब 15 साल थी।

मां और बेटी के बीच किसी बात को लेकर विवाद

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, यह घटना शुक्रवार शाम करीब 4 से 4:30 बजे के बीच हुई। घर में मां और बेटी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ होने की संभावना जताई जा रही है। यह विवाद देखते ही देखते हिंसक हो गया और मां ने अपनी ही बेटी पर जानलेवा हमला कर दिया।

पत्थर से कुचलकर की हत्या

शुरुआत में बेटी की गला काटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस की प्राथमिक जांच में अलग ही सच्चाई सामने आई। मां ने घर में रखा हुआ पट्टा (पत्थर का स्लैब) बेटी के सिर पर मारा। सिर पर जोरदार वार होने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अत्यधिक खून बहने के कारण बच्ची की मृत्यु होने की पुष्टि हुई है।

लोगों में इस घटना को लेकर गुस्सा

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपी महिला को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। इस घटना के बाद इलाके में भारी भीड़ जमा हो गई थी। नागरिकों ने इस घटना को लेकर तीव्र आक्रोश व्यक्त किया है।

पुलिस की टीम सभी एंगलों पर कर रही जांच

हत्या आखिर किस कारण से की गई, इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है। पुलिस परिवार के अन्य सदस्यों से पूछताछ कर रही है। पड़ोसियों से भी जानकारी ली जा रही है। पारिवारिक विवाद, मानसिक तनाव या किसी अन्य कारण से यह घटना घटी। पुलिस की टीम इन सभी एंगलों पर जांच कर रही है। 

पालघर से हानिफ की रिपोर्ट