1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. पुणे में दिल दहला देने वाली वारदात! 4 साल की मासूम से दरिंदगी के बाद पत्थर से कुचलकर मारा और गोबर में छिपा दिया शव

पुणे में दिल दहला देने वाली वारदात! 4 साल की मासूम से दरिंदगी के बाद पत्थर से कुचलकर मारा और गोबर में छिपा दिया शव

Bhor Taluka Nasrapur Case: पुणे में 4 साल की मासूम से दरिंदगी के बाद उसे मार डाला गया। इतना ही नहीं, हैवान ने मासूम के शव को तबेले में रखे गोबर में छिपा दिया था। जानें पूरा मामला।

Pune Child Rape Murder- India TV Hindi
Image Source : REPORTERS INPUT सीसीटीवी में दरिंदा, मासूम को तबेले की तरफ ले जाता हुआ दिखाई दिया।

Pune Child Rape Murder: 1 मई को एक ओर जहां पूरे राज्य में महाराष्ट्र दिवस उत्साह के साथ मनाया गया, तो वहीं दूसरी तरफ, पुणे से एक झकझोर देने वाली खबर सामने आई। पुणे के भोर तालुका में एक 4 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई है। इस घिनौनी वारदात को 65 साल के एक शख्स ने अंजाम दिया। इस घटना से पूरे इलाके में गुस्से की लहर है और आक्रोशित ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर बच्ची का शव थाने के बाहर रख दिया।

रेप के बाद मासूम को पत्थर से कुचला

इस वारदात को लेकर मिली जानकारी के अनुसार, यह हृदयविदारक घटना पुणे के भोर तालुका के नसरापुर गांव में हुई, जहां 65 वर्षीय आरोपी घर के बाहर खेल रही मासूम बच्ची को बहला-फुसलाकर एक तबेले में ले गया। वहां उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया और फिर उसकी पहचान छिपाने या पकड़े जाने के डर से पत्थर से कुचलकर उसकी हत्या कर दी। सबूत मिटाने के लिए आरोपी ने बच्ची के शव को गोबर के ढेर के नीचे छिपा दिया था।

CCTV में मासूम को ले जाता दिखा दरिंदा

दोपहर के समय जब बच्ची काफी देर तक दिखाई नहीं दी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान उसका शव तबेले में मिला। इसके बाद जब इलाके के CCTV फुटेज खंगाले गए, तो उसमें आरोपी मासूम बच्ची को तबेले की ओर ले जाता हुआ दिखाई दिया, जिससे इस जघन्य अपराध का खुलासा हुआ।

गुस्साए ग्रामीणों ने की हैवान को फांसी देने की मांग

इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर 'रास्ता रोको' आंदोलन किया। बड़ी संख्या में भीड़ पुलिस स्टेशन के बाहर जमा हो गई और मांग की कि आरोपी को उनके हवाले किया जाए। ग्रामीण बोले कि जब तक इस दरिंदे को फांसी की सजा नहीं दी जाती, वे यहां से नहीं हटेंगे। ग्रामीण इंसाफ की मांग करते हुए मासूम का शव लेकर पुलिस स्टेशन पहुंच गए। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

(इनपुट- समीर शेख)