लोहगढ़ किला जाने के लिए रो पड़ी थी सिया, वहीं से केतन को धक्का दिया गया, पुलिस की जांच में हुए चौंकाने वाले खुलासे
पुणे के लोहगढ़ किले पर हुए केतन अग्रवाल हत्याकांड की चर्चा पूरे देश में हो रही है। इस घटना को लकर पुलिस की जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं।

महाराष्ट्र के पुणे में रियल स्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल के मर्डर में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस मामले में केतन की मंगेतर सिया और उसके प्रेमी चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया है। पुलिस दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने दोनों को 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। शुरुआती पूछताछ में दोनों ने पुलिस को बताया है कि सिया केतन से शादी करना नहीं चाहती थी... इसलिए उसने केतन को लोहागढ़ के किले की पहाड़ी से धक्का दे दिया जिससे केतन 400 मीटर गहरी खाई में गिर गया.. और उसकी मौत हो गई... पुलिस के मुताबिक सिया ने 19 जून को केतन का मर्डर करने से पहले दो बार और कोशिश की थी, लेकिन प्लान कामयाब नहीं हो सका जिसके बाद आखिर में सिया ने अपने प्रेमी चेतन के साथ मिलकर केतन को रास्ते से हटा दिया। अब इस मामले में पुलिस की जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं।
जोखिम लेने से बचता था केतन
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतक केतन के परिवार ने पूछताछ के दौरान कई ऐसी जानकारियां दीं, जिनसे जांचकर्ताओं को यह समझने में मदद मिली कि केतन बेहद सतर्क स्वभाव का युवक था और अनावश्यक जोखिम लेने से बचता था। मृतक केतन के परिवार ने बताया कि ट्रैकिंग के दौरान भी केतन हमेशा 10 से 20 फीट की दूरी बनाकर चलता था। यहां तक कि गोवा यात्रा के दौरान भी उसने समुद्र में उतरकर स्नान नहीं किया था। इन जानकारियों के बाद पुलिस को यह मानना मुश्किल लगने लगा कि केतन खुद किसी खतरनाक जगह पर जाकर जोखिम उठाएगा। घटना वाले दिन केतन के दोनों चाचा दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक पुलिस के साथ रहे। इस दौरान पुलिस लगातार केतन के स्वभाव, उसकी आदतों और व्यवहार को समझने का प्रयास कर रही थी। पूछताछ के दौरान पुलिस ने परिवार से यह भी पूछा कि क्या उन्हें किसी पर शक है, लेकिन उन्होंने किसी पर संदेह होने से इनकार कर दिया।
सीसीटीवी फुटेज से खुल गए राज
पुलिस के अनुसार, एक सवाल लगातार जांच टीम के मन में था कि केतन आखिर 18 दिनों के भीतर तीन बार लोहगढ़ किले पर क्यों गया था। इसी कड़ी में 21 जून को 18 जून का सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की गई। शुरुआती तौर पर फुटेज में सब कुछ सामान्य दिखाई दिया। पुलिस ने सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक के फुटेज खंगाले। पुलिस को सिया और केतन के फुटेज में कुछ भी अनावश्यक नहीं लगा। जांचकर्ता सीसीटीवी की जांच खत्म कर निकलने ही वाले थे तभी उनकी नजर एक संदिग्ध युवक पर पड़ी, जिसने हुडी और हेडफोन पहन रखी थी। पुलिस ने जब उस दिन का तापमान गूगल पर जांचा तो वह करीब 33 डिग्री सेल्सियस पाया गया। ऐसे मौसम में हुडी पहनकर घूमने वाले व्यक्ति को लेकर पुलिस के मन में कई सवाल उठे। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज दोबारा देखा गया और इस बार पूरा फोकस उसी हुडी पहने युवक पर रखा गया।
प्रेमी को इशारे कर रही थी सिया
फुटेज में दिखाई दिया कि वह हुडी पहना युवक नीचे से दौड़ते हुए आया और जैसे ही उसने केतन और सिया को देखा, वह अचानक रुक गया और बैठ गया। पुलिस का दावा है कि फुटेज में हुडी पहने युवक ने हाथ से इशारा किया, जिस पर सिया ने भी हल्का सा संकेत किया। उस हूडी वाले शख्स के पहुंचने से पहले सिया बार-बार पीछे मुड़कर देख रही थी। लेकिन जब हुडी वाला शख्स सिया और केतन को देखकर बैठ गया तब सिया और उसने हाथों से इशारेबाजी हुई। जांच में यह भी सामने आया कि किले के इलाके में बंदरों द्वारा कई सीसीटीवी कैमरों के तार तोड़ दिए गए थे, जिससे कुछ हिस्सों की रिकॉर्डिंग प्रभावित हुई। पुलिस ने यह भी बताया है कि मोबाइल नेटवर्क की समस्या के कारण टिकट खरीदने के लिए केतन का ऑनलाइन पैसा ट्रांसफर नहीं हो पा रहा था, जो किले पर जाने के लिए टिकट लेना होता है। इसी वजह से केतन और सिया कुछ समय तक उसी स्थान पर खड़े रहे थे। इसी दौरान ये हुडी वाला शख्स थोड़े देर बैठने के बाद बिना टिकट लिए ही ऊपर चला गया।
केतन के चाचा और बहन से भी पूछताछ
जांच के दौरान पुलिस टीम घटनास्थल पर भी पहुंची। घटनास्थल और सीसीटीवी देख कर पुलिस को यकीन हो गया कि मामला गड़बड़ है और आगे की जांच की जरूरत है। पुलिस जब लोहगढ़ से लौट रही थी तब को-इनसिडेंटली वहां केतन के चाचा विजय दिखाई दिए, जो घटनास्थल देखने जा रहे थे। पुलिस उन्हें अपने साथ पुलिस स्टेशन ले आई और उनसे भी विस्तृत पूछताछ की गई। सूत्रों के मुताबिक, केतन की बहन संजना से भी करीब 8 से 9 घंटे तक पूछताछ की गई। पूछताछ के बाद पुलिस को यह महसूस हुआ कि मामले में कुछ न कुछ गड़बड़ी जरूर है।
लोहगढ़ जाने के लिए रो रही थी सिया
परिवार ने पुलिस को बताया कि उन्होंने 4 जून को केतन को लोहगढ़ जाने की अनुमति नहीं दी थी, लेकिन बाद में 14 जून को जाने दिया। उसके पीछे वजह यह है कि केतन ने अपनी मां को कहा कि 4 जून को जब वह लोहगढ़ नहीं जा पाया था तब सिया बहुत रोई थी और उसने केतन पर बहुत प्रेशर बनाया था। यही वजह है की केतन की मां ने 14 जून को उसे सिया के साथ लोहगढ़ जाने दिया था। वहीं, 17 जून को केतन ने अपनी मां को बताया था कि 18 जून को सिया के दोस्त ने सरप्राइज प्लान किया है, जिसके चलते उसे जाने की अनुमति मिल गई।
थकने का बहाना कर बैठ गई सिया
पुलिस जांच में सामने आए आरोपों के अनुसार, सिया ने कथित तौर पर योजना बनाई थी कि किले पर पहुंचने के बाद वह थकने का बहाना कर बैठ जाएगी। इसे संकेत मानकर चेतन को कार्रवाई करनी थी। आरोप है कि जैसे ही सिया बैठी, केतन भी रुक गया और उसी दौरान चेतन ने उसे धक्का देकर खाई में गिरा दिया। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और सभी तकनीकी व परिस्थितिजन्य साक्ष्यों को खंगाल रही है।
ये भी पढ़ें- चेतन से प्यार और केतन से सगाई, सिया ने मंगेतर की कैसे हत्या की, CCTV से साजिश का यूं हुआ खुलासा