महाराष्ट्र के पुणे में सड़कों की खराब हालत राहगीरों के लिए जानलेवा साबित हो रही है। पुणे के औंध इलाके में एक बुजुर्ग की स्कूटी गड्ढे में फंसकर गिर गई और पीछे से आ रही कार ने उन्हें कुचल दिया। इस हादसे में मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। इसमें देखा जा सकता है कि कार का अगला पहिया बुजुर्ग के सिर पर चढ़ गया था। इससे उनकी मौत हुई। हालांकि, इस हादसे के लिए खराब सड़क के अलावा लापरवाही और ट्रैफिक नियमों की अवहेलना भी जिम्मेदार है।
हादसे का शिकार हुए बुजुर्ग ने कोई हेलमेट नहीं पहना था। अगर वह हेलमेट पहने होते तो उनका सिर सुरक्षित रहता और उनकी जान बच सकती थी।
सीसीटीवी में कैद हुआ हादसा
घटना औंध इलाके की है। यहां एक 61 वर्षीय व्यक्ति की सड़क हादसे में मौत हो गई। मृतक जगन्नाथ काशीनाथ काले स्कूटर से घर लौट रहे थे, जब सड़क पर गड्ढे में फिसलने से वे गिर पड़े। इसके बाद पीछे से आ रही एक कार ने उन्हें कुचल दिया। यह हादसा सीसीटीवी में कैद हो गया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नगर निगम की लापरवाही को लेकर नाराजगी जताई है। हादसे का शिकार हुए बुजुर्ग बरसात की वजह से सड़क पर बने हुए गड्ढे से बचकर निकल रहे थे। हालांकि, उनकी स्कूटी गड्ढे में फिसल गई, जिसके बाद पीछे से आने वाली कार ने अपने पहियों तले बुजुर्ग के सर को कुचल डाला।
3 घंटे में हुए थे 10 सड़क हादसे
जुलाई के महीने में भी पुणे की खस्ताहाल सड़कों को बयां करने वाला वीडियो सामने आया था। यहां एक ही जगह पर तीन घंटे के अंदर 10 सड़क हादसे हुए थे। इसके बाद प्रशासन की जमकर किरकरी हुई थी। बताया गया था कि वायरल वीडियो पुणे की मावल तालुका में पड़ने वाली देहू-येलवाड़ी की सड़क का था। इस सड़क पर काफी गड्ढे हो गए थे। स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत की तो प्रशासन ने अस्थायी तौर पर मिट्टी से गड्ढे भरवा दिए। स्थानीय लोगों ने इस काम चलाऊ जुगाड़ का विरोध भी किया, लेकिन प्रशासन ने नहीं सुनी। गड्ढों में मिट्टी भरने के बाद लोगों की परेशानी कम हो गई और कुछ समय तक सब ठीक चलता रहा, लेकिन बरसात होते ही सड़क में फिसलन बढ़ गई। इससे दोपहिया वाहन फिसलकर गिरने लगे।
(पुणे से समीर शेख की रिपोर्ट)