महाराष्ट्र के पुणे जिले में इंजीनियर महिला के साथ रेप केस मामले में एक नया मोड़ सामने आया है। जहां 22 वर्षीय महिला के साथ डिलीवरी एजेंट के रूप में खुद को पेश करने वाले एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा कथित रेप के मामले पर पुणे के सीपी अमितेश कुमार ने मामले का खुलासा किया है। सीपी अमितेश कुमार ने कहा, 'यह पाया गया कि महिला ने झूठी शिकायत दर्ज कराई थी। उसकी शिकायत ने पुणे पुलिस को गुमराह किया है।'
पुणे को महिलाओं को असुरक्षित दिखाने की कोशिश
उन्होंने कहा, 'अभी दो दिन पहले पुणे सिटी पुलिस के सामने एक घटना आई, जिसका इस्तेमाल यह कहानी बनाने के लिए किया गया कि पुणे में महिलाओं से संबंधित कानून और व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है। पुणे को महिलाओं के लिए असुरक्षित दिखाने की कोशिश की गई।'
24 घंटे के अंदर मामला सुलझाया गया
सीपी अमितेश कुमार ने कहा, 'पुलिस प्रशासन के पूरे संसाधनों को तैनात करके, हमने 24 घंटे के अंदर मामले को सुलझा लिया है। किसी को भी फर्जी कहानियों के माध्यम से पुणे को बदनाम करने की कोशिश नहीं करनी चाहिए, जो कि सबसे सुरक्षित शहरों में से एक माना जाता है।'
महिला ने लगाया था झूठा आरोप
बता दें कि पुणे के कोंधवा इलाके में एक 22 वर्षीय आईटी पेशेवर महिला ने आरोप लगाया था कि एक कूरियर डिलीवरी एजेंट ने उसके फ्लैट में घुसकर बलात्कार किया। शुरुआती शिकायत में दावा किया गया कि आरोपी ने महिला को बेहोश करने के लिए स्प्रे का इस्तेमाल किया और धमकी भरे संदेश के साथ सेल्फी ली। पुलिस जांच में यह खुलासा हुआ कि आरोपी महिला का परिचित था। महिला ने बाद में स्वीकार किया कि उसने गुस्से में झूठी शिकायत दर्ज की थी।
(इनपुट-एएनआई)