A
  1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. 'शिंदे गुट में शामिल होने के लिए तैयार हैं उद्धव के 20 में से 15-16 विधायक', संजय निरुपम का बड़ा दावा

'शिंदे गुट में शामिल होने के लिए तैयार हैं उद्धव के 20 में से 15-16 विधायक', संजय निरुपम का बड़ा दावा

संजय निरुपम ने दावा किया कि शिवसेना शिंदे गुट के संपर्क में उद्धव ठाकरे की पार्टी UBT के 15-16 विधायक हैं। वे सभी शिवसेना शिंदे गुट में आने के लिए तैयार बैठे हैं।

Sanjay Nirupam claim on UBT MLAs- India TV Hindi
Image Source : REPORTERS INPUT संजय निरुपम ने उद्धव ठाकरे की पार्टी के विधायकों को लेकर बड़ा दावा किया है।

महाराष्ट्र के नागपुर में आज (शुक्रवार को) शिवसेना शिंदे गुट में महाविकास अघाड़ी की तीनों पार्टियों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान, शिवसेना शिंदे गुट के नेता संजय निरुपम, महाराष्ट्र के उद्योग मंत्री उदय सामंत, वित्त राज्य मंत्री आशीष जायसवाल, पूर्व सांसद व वर्तमान के विधायक कृपाल तुमाने मौजूद रहे। इस मौके पर इंडिया टीवी से बातचीत में संजय निरुपम ने दावा किया कि UBT के 20 में से 15-16 विधायक शिवसेना शिंदे गुट में आने के लिए तैयार हैं।

कार्यकर्ताओं को पसंद आ रहा शिंदे का नेतृत्व

संजय निरुपम ने कहा कि ये हमारा नागपुर का ऑपरेशन टाइगर है। रोजाना शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में सैकड़ों लोग प्रवेश कर रहे हैं। शिंदे का नेतृत्व बहुत आकर्षक है। वे एक-एक कार्यकर्ता के साथ सीधा संवाद करते हैं। विकास उनका मेन एजेंडा है। लोगों के लिए बड़ा एक्सेसिबल रहते हैं। इसीलिए कार्यकर्ता उन्हें पसंद करते हैं।

योग्यता के हिसाब से पार्टी में देंगे जिम्मेदारी

उन्होंने आगे कहा, 'शिवसेना प्रमुख के विचारों के आधार पर, उनके विचारों को लेकर के पूरी कट्टरता के साथ काम करने वाले व्यक्ति हैं। तो ऐसे नेता के नेतृत्व में सभी लोग शिवसेना में आना चाहते हैं, ये हम सब लोगों का भाग्य है। और इसलिए हमने दोनों हाथ फैला दिया है, जिसको आना है आइए, और जिसमें जो योग्यता है उस हिसाब से हम उसको जिम्मेदारी देंगे।'

उद्धव ठाकरे ने हिंदुत्व को दी तिलांजलि

जब संजय निरुपम से पूछा गया कि उद्धव ठाकरे की पार्टी के कितने विधायक आप लोगों के संपर्क में हैं तो इसके जवाब में संजय निरुपम ने कहा कि 2022 में जो एकनाथ शिंदे साहब के नेतृत्व में शिवसेना में उठाव हुआ, जिसमें लगभग 40 एक साथ निकले थे। वह सब उद्धव ठाकरे के नेतृत्व में अनास्था व्यक्त करते हुए निकले थे। ऐसा इसलिए क्योंकि उन्होंने हिंदुत्व को तिलांजलि दे दी और उसके बाद शिवसेना प्रमुख के विचारों को त्याग कर कांग्रेस से हाथ मिलाया। 2022 से लगातार वो सिलसिला जारी है।

शिंदे गुट के संपर्क में हैं उद्धव के 15-16 विधायक

संजय निरुपम ने आगे कहा कि UBT से रोज उनके पदाधिकारी पूरे महाराष्ट्र में छोड़-छोड़ के निकल रहे हैं और हमारी पार्टी में आ रहे हैं। अब हमारी पार्टी में क्यों आ रहे हैं क्योंकि शिवसेना प्रमुख के विचारों में उनको विश्वास है और हमारी शिवसेना, शिवसेना प्रमुख के विचारों के साथ चल रही है। मैं उद्धव ठाकरे की पार्टी की बात बोल रहा हूं। उधर से तो और भी संपर्क में हैं लोग। यूबीटी के 20 विधायकों में से 15-16 लोग हमारी पार्टी में आने को तैयार हैं।

ये भी पढ़ें- जब एक ही फ्लाइट से मुंबई से नागपुर के लिए रवाना हुए CM फडणवीस और उद्धव ठाकरे, सामने आया Video