1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. बीड में बस और कार के बीच जोरदार टक्कर, पांच लोगों की मौत, CCTV फुटेज आया सामने

बीड में बस और कार के बीच जोरदार टक्कर, पांच लोगों की मौत, CCTV फुटेज आया सामने

महाराष्ट्र के बीड जिले में कार और बस के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में पाच लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक व्यक्ति घायल है।

कार और बस की टक्कर में पांच की मौत।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT कार और बस की टक्कर में पांच की मौत।

महाराष्ट्र के बीड जिले के माजलगांव तालुका में एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक एसटी बस और कार के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। हादसा सुबह करीब 11 बजे खामगांव-पंढरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शिंदेवाड़ी फाटे के पास हुआ। बताया जा रहा है कि कार सवार श्रद्धालु तुलजापुर में दर्शन के लिए जा रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंचकर आगे की कार्रवाई कर रही है।

दर्दनाक हादसे का सीसीटीवी फुटेज आया सामने

इस दर्दनाक हादसे का वीडियो फुटेज भी सामने आया है, जो पास में ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। सीसीटीवी कैमरे में कैद वीडियो में देखा जा सकता है कि हादसा कितना भयावह था। वीडियो में कुछ देर तो वाहन सामान्य गति से आते-जाते हुए देखे जा रहे हैं। इसी बीच हादसे में शामिल बस दिखाई देती है और तभी सामने से आ रही अनियंत्रित कार ने बस में जोरदार टक्कर मार दी। वीडियो में देखा जा सकता है कि कार पहले से ही अनियंत्रित थी और बस में आकर टकरा गई, जबकि बस अपनी लेन में सामान्य गति से चल रही थी। हादसे के बाद कार के परखच्चे उड़ गए। फिलहाल इस हादसे के बाद कार में सवार पांच लोगों की मौत हो गई है। 

स्थानीय लोगों ने खराब सड़क की वजह से जताई नाराजगी

प्रत्यक्षदर्शियों से मिली प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में गजानन नामदास समेत पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने सड़क पर उतरकर रास्ता रोको आंदोलन शुरू कर दिया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, खामगांव-पंढरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर माजलगांव-तेलगांव-धारूर मार्ग की खराब हालत भी हादसों की आशंका बढ़ा रही है। लोगों का कहना है कि सड़क पर कई जगह ऊबड़-खाबड़ हिस्से हैं और बीच सड़क पर दरारें भी पड़ गई हैं। स्थानीय नागरिकों ने सड़क निर्माण में कथित लापरवाही के लिए ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की है। (इनपुट- आमिर हुसैन)

यह भी पढ़ें-

यूपी में दुर्गा पूजा पंडाल के बाहर कार ने 7 लोगों को रौंदा, तीन की मौत, चार लोग घायल