A
Hindi News महाराष्ट्र शरद पवार को अस्पताल से मिली छुट्टी, सुप्रिया सुले ने दी हेल्थ अपडेट; बताया काम पर कब लौटेंगे

शरद पवार को अस्पताल से मिली छुट्टी, सुप्रिया सुले ने दी हेल्थ अपडेट; बताया काम पर कब लौटेंगे

एनसीपी-एसपी चीफ शरद पवार को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। सुप्रिया सुले ने उनके स्वास्थ्य को लेकर अपडेट दिया है।

शरद पवार को अस्पताल से मिली छुट्टी। - India TV Hindi Image Source : PTI/FILE शरद पवार को अस्पताल से मिली छुट्टी।

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और एनसीपी (एसपी) सुप्रीमो शरद पवार की हेल्थ को लेकर बड़ा अपडेट आया है। मिली जानकारी के मुताबिक शरद पवार को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। सुप्रिया सुले ने एक्स पर शरद पवार के स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि फिलहाल शरद पवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। आगे कुछ दिनों तक वह घर पर ही आराम करेंगे और फिर वह दैनिक काम शुरू कर सकेंगे। 

घर पर करेंगे आराम

सुप्रिया सुले ने एक्स पर अपनी पोस्ट में शरद पवार के स्वास्थ्य की जानकारी देते हुए लिखा, 'आदरणीय पवार साहब स्वस्थ हैं और डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी है। उन्हें तीन से चार दिन आराम करने की सलाह दी गई है। तदनुसार, वे घर पर आराम करेंगे और उसके बाद अपने दैनिक कार्य फिर से शुरू करेंगे। साहब को पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था।' 

सभी का व्यक्त किया आभार

सुप्रिया सुले ने आगे कहा, 'इस दौरान, देश और राज्य के विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य व्यक्तियों के साथ-साथ उनके प्रिय नागरिकों ने भी उन्हें शुभकामनाएं भेजीं। वे अपने स्वास्थ्य के बारे में पूछने वाले सभी लोगों का तहे दिल से आभार व्यक्त करते हैं। इसके साथ ही, वे रूबी हॉल क्लिनिक के डॉक्टरों, नर्सों और सहायक कर्मचारियों के प्रति भी हार्दिक कृतज्ञता व्यक्त करते हैं, जिन्होंने आदरणीय पवार साहब का इलाज किया और उनकी देखभाल की।'

सांस लेने में तकलीफ 

दरअसल, राज्यसभा के सदस्य शरद पवार (85) को सांस लेने में तकलीफ और लगातार खांसी की शिकायत थी। इसके बाद उन्हें कुछ दिन पहले ही पुणे जिले के बारामती कस्बे स्थित उनके आवास से रूबी हॉल क्लीनिक लाया गया था। अस्पताल के डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा था और अब वह पहले से ठीक हैं। फिलहाल अस्पताल से उन्हें छुट्टी दे दी गई है, लेकिन वह घर पर ही आराम करेंगे।

यह भी पढ़ें-

बाल-बाल बचे डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा, काफिले में घुसी कार, हुई टक्कर