A
  1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. शिरडी: आर्मी के जवान ने नशे में एयर होस्टेस से की छेड़छाड़, पुलिस ने दर्ज किया मामला

शिरडी: आर्मी के जवान ने नशे में एयर होस्टेस से की छेड़छाड़, पुलिस ने दर्ज किया मामला

आरोपी जवान नशे में था और उसने फ्लाइट में एयर होस्टेस के साथ छेड़छाड़ की थी। एयरपोर्ट अथॉरिटी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी जवान के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

indigo - India TV Hindi
Image Source : X-INDIGO इंडिगो के विमान में एयरहोस्टेस से छेड़छाड़

दिल्ली से शिरडी आने वाली इंडिगो फ्लाइट में महिला एयर होस्टेस के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। फ्लाइट के एयरपोर्ट पर लैंड करने के बाद अथॉरिटीज ने एक्शन लेते हुए पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद आर्मी के जवान के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

प्राथमिक रूप से मिली जानकारी के मुताबिक बीते शुक्रवार दिल्ली से शिरडी आनेवाली फ्लाइट में एक महिला एयर होस्टेस के साथ नशे में यात्रा कर रहे यात्री द्वारा छेड़छाड़ की गई। इसके बाद फ्लाइट लैंड होने के तुरंत बाद अथॉरिटीज ने उचित कार्रवाई करते हुए उस व्यक्ति को पुलिस को सौंप दिया।

रहाटा पुलिस ने दर्ज किया मामला

पीड़ित एयर होस्टेस की शिकायत के आधार पर रहाटा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी यात्री के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 75 के तहत केस रजिस्टर कर लिया है। पुलिस की तरफ से मिली जानकारी के मुताबिक महिला एयर होस्टेस के साथ छेड़छाड़ करने वाला आरोपी एक आर्मी का जवान था, जो फिलहाल अहमदनगर में पोस्टेड था। पुलिस द्वारा कराए गए मेडिकल जांच में इस बात की पुष्टि हुई है कि आरोपी ने नशे की हालत में महिला क्रू मेंबर के साथ छेड़छाड़ की थी।

राजस्थान का रहने वाला है आरोपी

रहाटा पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी का नाम संदीप सुमेर सिंह है, और वह राजस्थान का रहने वाला है। फिलहाल उसकी पोस्टिंग महाराष्ट्र के अहमदनगर (अहिल्यालनगर ) में है। घटना दो मई की है। आरोपी आर्मी के जवान ने नशे की हालत में महिला को टॉयलेट के पास गलत तरीके से छुआ था। शिरडी एयरपोर्ट पर उतरते ही उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। यह घटना इंडिगो की फ्लाइट 6E 6404 में हुई थी। इंडिगो ने प्रेस नोट में लिखा कि एक ग्राहक ने केबिन क्रू के साथ गलत व्यवहार किया। क्रू ने मानक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए ग्राहक को अनकंट्रोल घोषित कर दिया। लैंडिंग के बाद ग्राहक को सुरक्षा एजेंसियों को सौंप दिया गया। हम सभी के लिए एक सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं और किसी भी असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हैं।