रोहित शेट्टी और सलमान खान के घर पर एक ही पैटर्न में की गई फायरिंग, सभी पहलुओं की जांच कर रही पुलिस
रोहित शेट्टी के आवास पर फायरिंग के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। शुरुआती जांच में पता चला है कि सलमान खान और रोहित शेट्टी के आवास पर फायरिंग का पैटर्न एक ही जैसा था। ऐसे में पुलिस अब सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

मुंबई: बॉलीवुड के मशहूर फिल्म डायरेक्टर और प्रोड्यूसर रोहित शेट्टी के आवास के बाहर अज्ञात हमलावरों ने चार राउंड फायरिंग की है। इस घटना के बाद रोहित शेट्टी के जुहू स्थित शेट्टी टॉवर के इर्द-गिर्द भारी पुलिस सुरक्षा तैनात कर दी गई है। फिलहाल पुलिस मुस्तैदी के साथ मामले की जांच कर रही है और हर उस एंगल को खंगाल रही है, जिससे आरोपियों का पता लगाया जा सके। इस हमले के पीछे किसका हाथ है, रोहित शेट्टी मुंबई के जुहू इलाके में रहते है।
पैदल शेट्टी टॉवर तक गया आरोपी
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हमलावर बाइक से जुहू इलाके में आया। उसने रोहित शेट्टी के घर से थोड़ी दूर पर बाईक खड़ी की और इसके बाद पैदल चलकर शेट्टी टावर तक पहुंचा। बता दें कि रोहित शेट्टी के इमारत का नाम शेट्टी टावर है। घर पर पहुंचकर हमलावर ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी और फिर फरार हो गया।
सलमान खान के घर भी हुई थी फायरिंग
पुलिस के मुताबिक, सलमान खान के घर पर हुई फायरिंग और रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग में समानताएं नजर आ रही हैं। दोनों केस की मोडस ऑपरेंडी एक जैसी नजर आ रही है। हालांकि रोहित शेट्टी मामले में क्या लॉरेंस बिशनोई गैंग का हाथ है? इस संदर्भ में अबतक कोई सबूत नहीं मिला है। पुलिस दोनों केस के मोडस ऑपरेंडी की जांच कर रही है।
ऑटो ड्राइवर का दर्ज किया बयान
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हमलावर ने वारदात वाली जगह के नजदीक एक ऑटो ड्राइवर से बात की थी। ऑटो ड्राइवर ने पुलिस को बताया कि हमलावर ने उससे पुछा था- कल्याण चलोगे? इस पर ड्राइवर ने कहा- कल्याण दूर है, मैं आपको जुहू के नजदीक वाले स्टेशन पर छोड़ सकता हूं। पुलिस इस ड्राइवर का बयान दर्ज कर रही है। इसके अलावा जुहू पुलिस ने रोहित शेट्टी का बयान भी दर्ज किया है।
इलाके की सुरक्षा बढ़ाई गई
एक अधिकारी ने बताया कि फायरिंग की घटना में कोई हताहत नहीं हुआ और इस घटना के बाद इमारत के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उन्होंने कहा कि अभी यह पता नहीं चल पाया है कि घटना के समय शेट्टी अपने आवास पर थे या नहीं। अधिकारी ने कहा, ''किसी ने इमारत पर गोली चलाई। क्षेत्रीय पुलिस और अपराध शाखा की टीम मामले की जांच कर रही हैं।'' अधिकारी ने बताया कि शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार अज्ञात लोगों ने इमारत पर चार गोलियां चलाईं।
सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही पुलिस
पुलिस के मुताबिक आरोपियों की पहचान करने और घटनाक्रम का पता लगाने के लिए पुलिस इमारत के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच कर रही है। अधिकारी ने बताया कि इमारत के बाहर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है और साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज की गई है। बता दें कि रोहित शेट्टी 'गोलमाल', 'सिंघम' और 'चेन्नई एक्सप्रेस' जैसी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं।
यह भी पढ़ें-
रोहित शेट्टी के घर के बाहर चार राउंड फायरिंग, पुलिस ने इलाके को घेरा, मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम
पाकिस्तान के गैंगस्टर-आतंकी शहजाद भट्टी पर हमला, लॉरेंस बिश्नोई को दी थी जान से मारने की धमकी