A
  1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. मुंबई में पकड़े गए 6 अफगानी नागरिक, पुलिस ने किया गिरफ्तार; फर्जी दस्तावेज बरामद

मुंबई में पकड़े गए 6 अफगानी नागरिक, पुलिस ने किया गिरफ्तार; फर्जी दस्तावेज बरामद

मुंबई पुलिस ने छह अफगानी नागरिकों को कोलाबा और धारावी से गिरफ्तार किया है। ये सभी अफगानी नागरिक काफी समय से मुंबई में फर्जी दस्तावेज के साथ रह रहे थे।

छह अफगानी नागरिक गिरफ्तार।- India TV Hindi
Image Source : FREEPIK/REPRESENTATIVE IMAGE छह अफगानी नागरिक गिरफ्तार।

मुंबई: मुंबई पुलिस ने छह अफगान नागरिकों को गिरफ्तार किया है। ये सभी अफगानी नागरिक मुंबई में फर्जी दस्तावेजों के अधार पर रह रहे थे। पूछताछ में ये सभी लोग किसी भी प्रकार का सही दस्तावेज नहीं दिखा सके, जिसके बाद पुलिस ने इन सभी को गिरफ्तार किया है। सोमवार को मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने इस बारे में जानकारी दी। सभी अफगान नागरिकों की पहचान कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि सभी को जल्द ही अफगानिस्तान प्रत्यर्पित कर दिया जाएगा। 

सभी की हुई पहचान

मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम ने रविवार को दक्षिण मुंबई के कोलाबा इलाके और धारावी में कार्रवाई की है। यहां से कुल छह अफगानी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान कंधार निवासी अब्दुल समद हाजी अहमद जई नौरोजी (47), काबुल निवासी मोहम्मद रसूल कमालुद्दीन खाकसार (24), जिया उल हक अहमदी (36), असद खान तारा काई (36), मोहम्मद इब्राहिम गजनवी (36) और जाबुल प्रांत के निवासी आमिल उल्लाह (48) के रूप में हुई है। 

मेडिकल वीजा पर आए थे भारत

पुलिस अधिकारी ने बताया कि ये सभी लोग 2015 और 2019 के बीच मेडिकल वीजा पर भारत आए थे। वे शुरुआत में दिल्ली पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद, वे फोर्ट, कोलाबा और धारावी इलाकों में अवैध रूप से रहने लगे। अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने देश में अवैध रूप से रहने के लिए फर्जी पहचान पत्र और आवासीय प्रमाण पत्र हासिल करने के लिए अपने नाम बदल लिए और फर्जी पहचान पत्र अपना लिए। उन्होंने बताया कि क्राइम ब्रांच को आरोपियों के बारे में विशेष जानकारी मिली और तकनीकी सहायता से उनका पता लगाया गया। अधिकारी ने बताया कि आरोपियों को अफगानिस्तान प्रत्यर्पित किया जाएगा। (इनपुट- पीटीआई)

यह भी पढ़ें-

राम भक्तों के लिए बड़ी खुशखबरी, अयोध्या में पूरा हुआ राम मंदिर का निर्माण कार्य; जानें ट्रस्ट ने क्या कहा?

एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा! कार और बस की टक्कर के बाद आ भिड़ी ट्रक, तीन की मौत; 15 घायल