1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. 'पंजाब में नशे की समस्या से खफा था निंहग', जानें सुखबीर बादल पर हमले की शुरुआती जांच में क्या-क्या पता चला

'पंजाब में नशे की समस्या से खफा था निंहग', जानें सुखबीर बादल पर हमले की शुरुआती जांच में क्या-क्या पता चला

सुखबीर सिंह बादल पर हमला करने वाला नांदेड़ गुरुद्वारे में सेवादार के तौर पर काम कर रहा था। पुलिस अब उसका बैकग्राउंड खंगाल रही है। शुरुआती जांच में हमलावर ने पंजाब में नशे की समस्या का जिक्र किया।

Sukhbir Singh Badal attack- India TV Hindi
Image Source : REPORTERS INPUT सुखबीर बादल पर निहंग ने क्यों किया हमला?

महाराष्ट्र में नांदेड़ के पास एक गुरुद्वारे में शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर हमला करने वाला निहंग पिछले दो साल से वहां 'सेवादार' के तौर पर काम कर रहा था। वह पुणे का रहने वाला है। पुलिस की पूछताछ में उसने हमले का कारण बताते हुए पंजाब में नशे की समस्या का जिक्र किया। लेकिन हमले के असली कारण का अभी पता नहीं चल पाया है।

गुरुद्वारे में सेवादार के रूप में काम करता है हमलावर

इससे पहले नांदेड़ पुलिस ने बताया कि हमलावर सिखों के 'निहंग' संमुदाय का है। एक सीनियर अधिकारी के मुताबिक, आरोपी जसपाल सिंह की उम्र 60 से 62 साल के बीच है और वह गुरुद्वारा माता साहिब देवान जी मुगत में सेवादार के तौर पर काम कर रहा था।

आरोपी ने शुरुआती पूछताछ में किया पंजाब में नशे का जिक्र

वहीं, नांदेड़ के एसपी नीलाभ रोहन ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में उसने पंजाब में नशे की समस्या का जिक्र किया। हालांकि, सुखबीर सिंह बादल पर अटैक करने के उसके वास्तविक कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है।

हमलावर का क्रिमिनल बैकग्राउंड खंगाल रही पुलिस

एसपी नीलाभ रोहन ने कहा कि महाराष्ट्र एंटी-टेररिज्म स्क्वॉड भी पुलिस के साथ मिलकर इस केस की जांच कर रहा है। सुखबीर सिंह बादल की हालत स्थिर है। एसपी रोहन ने आगे बताया कि जसपाल सिंह के पास कानून और कॉमर्स की डिग्रियां हैं। जसपाल सिंह का परिवार पुणे में रहता है और वह नांदेड़ में अकेला रह रहा था।

हमने जसपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया है और पूछताछ चल रही है। हम उसके बैकग्राउंड की जांच कर रहे हैं। शुरुआत में जसपाल सिंह ने कहा कि वह पंजाब में नशे की समस्या को लेकर नाराज था। लेकिन हमले का वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा। हमें हमलावर के किसी गुट से संबंध या क्रिमिनल बैकग्राउंड के बारे में भी अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है: नांदेड़ एसपी नीलाभ रोहन

बादल पर धारदार हथियार से हुए हमला

गौरतलब है कि पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर गुरुवार दोपहर लगभग 1:45 बजे नांदेड़ से करीब 15 किलोमीटर दूर मौजूद गुरुद्वारा माता साहिब देवान जी मुगत में धारदार हथियार से अटैक हुआ था। जिसके बाद बादल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनके दाहिने हाथ में 4-5 टांके लगाए गए।

(इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें- सुखबीर सिंह बादल पर हमले के बाद CM देवेंद्र फडणवीस ने उठाया कड़ा कदम, जांच का आदेश जारी किया