1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. Baramati ByElction 2026: बड़ी जीत के बावजूद सुनेत्रा पवार ने कार्यकर्ताओं से कहा- 'न जुलूस निकालें न गुलाल फेंके', हुईं भावुक

Baramati ByElction 2026: बड़ी जीत के बावजूद सुनेत्रा पवार ने कार्यकर्ताओं से कहा- 'न जुलूस निकालें न गुलाल फेंके', हुईं भावुक

महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री और अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार बारामती सीट पर जीत की तरफ बढ़ रही हैं। उन्होंने जनता के इस विश्वास को अजित दादा को समर्पित किया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा है कि इस जीत पर कोई जुलूस न निकालें और न ही गुलाल फेंके।

सुनेत्रा पवार।- India TV Hindi
Image Source : X/SUNETRAA_PAWAR सुनेत्रा पवार।

Baramati ByElction 2026: महाराष्ट्र की बारामती विधानसभा सीट पर उपचुनाव की मतगणना चल रही है। अभी तक के रुझानों के मुताबिक यहां पर सुनेत्रा पवार बड़ी जीत की तरफ बढ़ रही हैं। उन्होंने इस जीत और जनता के भरोसे को अजित दादा को समर्पित कर दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक भावुक कर देने वाला पोस्ट किया है। बता दें कि विमान हादसे में अजित पवार के निधन के बाद खाली हुई बारामती सीट पर उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार चुनाव लड़ रही हैं। 

'न जुलूस निकालें और न गुलाल फेंके'

सुनेत्रा पवार ने एक्स पर अपनी पोस्ट में लिखा, "बारामती विधानसभा उपचुनाव के परिणाम आज घोषित किए जाएंगे। ऐसे में आप सभी ने अपने मतों के माध्यम से जो विश्वास दिखाया है, उसे मैं पूज्य अजितदादा की पवित्र स्मृति को समर्पित करती हूं। आज इस परिणाम की घोषणा के साथ ही पूज्य दादा की स्मृतियां प्रकाशमान हो उठी हैं और हम सभी भावुक हैं। मैं दादा से प्रेम करने वाले सभी कार्यकर्ताओं से विनम्र निवेदन करती हूं कि इस विजय के उपलक्ष्य में कोई जुलूस न निकाले और न ही गुलाल फेंके। आइए हम संयम बरतें और दादा के आदर्शों के अनुरूप व्यवहार करें।"

'यह अंत नहीं शुरुआत है'

उन्होंने अपनी पोस्ट में आगे लिखा, "मैं बारामती के सभी लोगों का तहे दिल से आभार व्यक्त करती हूं, जिन्होंने मुझे दादा के सपनों की बारामती को साकार करने का अवसर दिया। यह अंत नहीं है; यह तो बस शुरुआत है। दृढ़ संकल्प की, संघर्ष की और एक नई बारामती की!" 

अजित पवार की सीट पर चुनाव लड़ रहीं सुनेत्रा

दरअसल, अजित पवार के निधन के बाद सुनेत्रा पवार को महाराष्ट्र का उपमुख्यमंत्री बनाया गया। इसके बाद उनकी विधानसभा सीट पर बारामती पर भी सुनेत्रा पवार ही चुनाव लड़ रही हैं। इस सीट पर सुनेत्रा पवार के अलावा अन्य 23 प्रत्याशी भी चुनाव लड़ रहे हैं। हालांकि सुनेत्रा पवार बड़ी जीत की तरफ बढ़ रही हैं। 

यह भी पढ़ें-

आजादी के बाद पहली बार... देश से LEFT पूरी तरह साफ, किसी भी राज्य में नहीं बची सरकार