1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. मुंबई में ठाकरे बंधुओं ने निकाली 'विजय उत्सव' रैली, Gen-Z को साधने की कोशिश; सरकार पर निशाना

मुंबई में ठाकरे बंधुओं ने निकाली 'विजय उत्सव' रैली, Gen-Z को साधने की कोशिश; सरकार पर निशाना

मुंबई में शिवसेना (यूबीटी) के प्रमुख उद्धव ठाकरे और एमएनएस प्रमुख राज ठाकरे ने एक साथ विजय उत्सव रैली निकाली। इस दौरान दोनों नेताओं ने Gen-Z को साधने की कोशिश की। मंच से दोनों भाइयों ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा।

उद्धव और राज ठाकरे ने निकाली रैली।- India TV Hindi
Image Source : X/OFFICEOFUT उद्धव और राज ठाकरे ने निकाली रैली।

मुंबई: उद्धव ठाकरे छात्रों के आंदोलन के बहाने महाराष्ट्र में अपनी खोई हुई जमीन तलाशने में जुटे हैं। उद्धव ठाकरे ने अपने भाई राज ठाकरे के साथ आज मुंबई के दादर में विजय उत्सव को संबोधित किया। इस रैली में जेन Z के लोगों को बुलाया गया। उद्धव की पार्टी या MNS की जगह तिरंगे लहराए गए। इस दौरान राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे ने लोगों को संबोधित किया। सबसे पहले विजय उत्सव को राज ठाकरे ने संबोधित किया। उन्होंने NEET पेपर लीक के बाद खुदकुशी करने वाले छात्रों के नाम पढ़कर सुनाए। तो वहीं उद्धव ने कहा कि देश के छात्रों ने दिखा दिया है कि पीएम मोदी वोट चुरा सकते हैं, लोगों का दिल नहीं।

सरकार को अपना काम करना चाहिए: उद्धव

शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे कहा, "मैं सरकार से कहना चाहता हूं कि उन्हें अपना काम करना चाहिए। लेकिन ऐसा करने के बजाय, वे सब कुछ छोड़कर पार्टियों को तोड़ने में लगे हैं। मैं उन बच्चों का दुख नहीं भूल सकता जिन्होंने अपनी जान गंवाई। PM मोदी वोट चुराना तो जानते हैं, लेकिन दिल जीतना नहीं जानते। आज 'अंधभक्त' बच्चों को धमका रहे हैं। वीडियो बनाओ और उनके चेहरे बेनकाब करो। हमने देश की ताकत देखी है, और हमें इसे कभी कमज़ोर नहीं करना चाहिए।"

आज का दिन महत्वपूर्ण: राज ठाकरे

वहीं महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के अध्यक्ष राज ठाकरे ने कहा, "आज का दिन मनाने के लिए महत्वपूर्ण है; यह आप सभी की कड़ी मेहनत का नतीजा है। कई छात्रों ने आत्महत्या की है। हम एक मिनट का मौन रखकर इन छात्रों को श्रद्धांजलि देंगे।"

पीएम मोदी ने देशहित में लिए जरूरी फैसले: सीएम फडणवीस

इसके अलावा महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने इस रैली को लेकर कहा, "मुझे कोई आपत्ति नहीं है। बल्कि, मुझे खुशी है कि उन्हें जश्न मनाने का कोई कारण मिला, और हम भी खुश हैं। आखिरकार, ये मुद्दे किसी व्यक्ति या किसी राजनीतिक पार्टी के नहीं हैं। ये देश के युवाओं के भविष्य से जुड़े हैं। इसे ध्यान में रखते हुए, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संवेदनशीलता के साथ काम किया और देशहित में ज़रूरी फैसले लिए। मेरा मानना ​​है कि सोमवार को संसद में भी इस बिल पर चर्चा होगी। हमारे युवाओं का भविष्य सुरक्षित रहे, यह सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने पेपर लीक और परीक्षा में धोखाधड़ी के खिलाफ़ सबसे कड़े कानूनों में से एक लाने का फैसला किया है। दुनिया में शायद ही कभी इतना कड़ा कानून देखा गया हो। इस फैसले के लिए मैं प्रधानमंत्री मोदी का तहे दिल से शुक्रिया अदा करता हूं।"

यह भी पढ़ें-

Black Sea में कमर्शियल जहाजों पर हमलों के बीच भारत ने जारी की एडवाइजरी, हेल्पलाइन नंबर भी जारी