1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. फांसी के फंदे से लटके मिले महिला और तीन बेटियों के शव, हत्या या आत्महत्या की गुत्थी में उलझी पुलिस!

फांसी के फंदे से लटके मिले महिला और तीन बेटियों के शव, हत्या या आत्महत्या की गुत्थी में उलझी पुलिस!

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि पति रात में ड्यूटी गया हुआ था। सुबह के समय घर पर आने में उसे पत्नी और तीन बच्चों के शव फांसी के फंदे से लटके हुए दिखाई दिए।

फाइल फोटो- India TV Hindi
Image Source : फाइल फोटो सांकेतिक तस्वीर

महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी शहर में सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शनिवार को 30 वर्षीय एक महिला और उसकी तीन नाबालिग बेटियों के शव उनके घर में फंदे से लटके पाए गए। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी मच गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। 

पति ने चारों के शवों को लटकते हुए देखा

पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि मृतक महिला का पति जब रात की डयूटी करके सुबह के समय घर लौटा तो उसने महिला और उसकी तीन बेटियों (जिनकी उम्र क्रमशः 13, 11 और 8 साल थी) के शवों को पंखे से बंधे फंदों से लटका देखा। पुलिस ने दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। 

हत्या या आत्महत्या, पुलिस इस एंगल में कर रही जांच

पुलिस ने कहा, ‘हम इस बात की जांच कर रहे हैं कि यह आत्महत्या का मामला है या इसकी वजह कुछ और है। इस बात की जांच की जा रही है कि महिला और उसकी बेटियों ने एक साथ आत्महत्या की या महिला ने फंदे से खुद लटकने से पहले लड़कियों को मार डाला था।’ (भाषा के इनपुट के साथ)