1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के लिए पल्सर बाइक का इस्तेमाल, तीन बार हुई खरीद-बिक्री, मालिक से पूछताछ

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के लिए पल्सर बाइक का इस्तेमाल, तीन बार हुई खरीद-बिक्री, मालिक से पूछताछ

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के लिए बदमाशों ने जिल पल्सर बाइक का इस्तेमाल किया था उसे मुंबई पुलिस ने अंधेरी वेस्ट रेलवे स्टेशन के पास से बरामद कर लिया है।

Tiger Shroff , firing, pulsur bike- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT पीले रंग की पल्सर बाइक बरामद

मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले की जांच में मुंबई पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। मुंबई पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल पीले कलर की पल्सर बाइक को अंधेरी वेस्ट रेलवे स्टेशन के पास से बरामद कर लिया है। बरामद बाइक को रात में डीएन नगर पुलिस स्टेशन लाया गया। पुलिस अब बाइक मालिक से पूछताछ कर रही है। 

जोगेश्वरी का रहनेवाला है बाइक मालिक

शुरुआती पूछताछ में यह बात सामने आई कि बाइक का पहला मालिक जोगेश्वरी इलाके का रहने वाला है। उसने बाइक दूसरे व्यक्ति को बेची, जिसने आगे तीसरे व्यक्ति को बेच दी। तीसरे मालिक ने पितृ पक्ष से पहले ही यह बाइक शूटर्स को बेच दी थी, लेकिन बाइक के दस्तावेजों में मालिकाना हक ट्रांसफर नहीं कराया गया था। फिलहाल पुलिस ने बाइक मालिक से शुरुआती पूछताछ के बाद उसे जाने दिया है। अब पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

जुहू के पुष्पा पार्क के पास हुआ हमला

बता दें कि मुंबई के जुहू इलाके में रविवार शाम टाइगर श्रॉफ पर तीन हमलावरों ने फायरिंग की। टाइगर श्रॉफ इस हमले में बाल-बाल बच गए। पुलिस ने बताया कि इस घटना में श्रॉफ का चालक और एक ऑटो चालक घायल हुआ है। मामले की जांच के लिये 15 टीम गठित की गई। वहीं सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट के मुताबिक लॉरेंस बिश्नोई गिरोह ने हमले की जिम्मेदारी ली है। 

हमलावरों की तलाश में जुटी मुंबई पुलिस

यह घटना जुहू पुलिस थाना क्षेत्र में पुष्पा पार्क के पास हुई। घटना में शामिल लोगों को पकड़ने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया गया है। इस बीच कथित हमलावरों की पहली तस्वीर सामने आने की खबर है। तस्वीर में दो लोग सफेद शर्ट पहने दिखाई दे रहे हैं। इनमें से एक ने प्यूमा लोगो वाली काली टोपी पहन रखी है। हालांकि पुलिस ने अभी तक दोनों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

फडणवीस ने टाइगर श्रॉफ से बात की, शिंदे ने की मुलाकात

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना के बाद मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती और टाइगर श्रॉफ से बात की। फडणवीस ने देवेन भारती से घटना की जानकारी मांगी और उनसे कहा कि वे हमलावरों को जल्द पकड़ें, जांच में तेजी लाएं और इसके लिये जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। वहीं डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने टाइगर श्रॉफ से उनके घर पर जाकर मुलाकात की।

कुल सात राउंड फायरिंग हुई

फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर गोलियों से जुड़े साक्ष्य जुटाए, वाहन की जांच की और यह पता लगाने की कोशिश की कि कुल कितनी गोलियां चलाई गईं। अभी तक की जानकारी के मुताबिक हमलावरों ने कुल सात राउंड फायरिंग की। इसमें पांच गोली गाड़ी पर लगी और 2 टारगेट मिस कर गईं। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी सूरत की तरफ रवाना हुए हैं। जिस पिस्टल से फायरिंग हुई वह कंट्री मेड बताई जा रही है। पुलिस की मानें तो गोलीबारी को अंजाम देते समय आरोपियों में से एक की पिस्टल ब्लॉक हो गई थी। बता दें कि टाइगर श्रॉफ ने 2014 में फिल्म ''हीरोपंती'' से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने ''बागी'', ''बागी 2'' और ''वॉर'' जैसी फिल्मों से अपनी पहचान मजबूत की।

ये भी पढ़ें:
फायरिंग के बाद चेहरा ढककर घर लौटे टाइगर श्रॉफ, पुलिस वैन में आए नजर, VIDEO वायरल