A
  1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. ऑटो रिक्शा पर पेड़ गिरा और तीन लोगों की हो गई मौत, ठाणे में बेमौसम हुई बारिश में हुआ हादसा

ऑटो रिक्शा पर पेड़ गिरा और तीन लोगों की हो गई मौत, ठाणे में बेमौसम हुई बारिश में हुआ हादसा

ठाणे में बेमौसम हुई बारिश में तीन लोगों की जान चली गई। घटना कोलसेवाडी इलाके की है। ऑटो रिक्शा पर पेड़ गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE प्रतीकात्मक फोटो

महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कोलसेवाडी इलाके में मंगलवार रात हुई बेमौसम बारिश के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। एक ऑटो रिक्शा पर पेड़ गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना मंगलवार रात करीब पौने नौ बजे से सवा दस बजे के बीच की है। 

पुलिस ने मृतकों की पहचान रिक्शा चालक उमाशंकर वर्मा (53), नंदा राउत (35) और सीताराम शेलके (45) के तौर पर की है। यह तीनों व्यक्ति ऑटो रिक्शा में सवार थे। इस दौरान बारिश बारिश के बीच पेड़ गिर गया और वे इसकी चपेट में आ गए।

ठाणे नगर निगम के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के अनुसार, मंगलवार रात लगभग 8:45 से 10:15 बजे के बीच 20 मिमी बारिश दर्ज की गई। आपदा प्रबंधन इकाई के प्रमुख यासीन तड़वी ने बताया कि इस दौरान शहर में कुल 13 पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आईं। ठाणे जिले के अलावा, पड़ोसी पालघर जिले में भी तेज हवाओं और भारी बारिश के कारण कई ईंट भट्टों को नुकसान पहुंचा है।

मुंबई में आंधी-बारिश के बीच गर्मी से राहत

एक अन्य खबर में मुंबई और उसके आस-पास के इलाकों में मंगलवार शाम अचानक आए तूफान और हुई भारी बारिश के बीच लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन बारिश के कारण उपनगरीय ट्रेन सेवाओं और सड़क यातायात में व्यवधान उत्पन्न हुआ। पड़ोसी ठाणे और रायगढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में भी आंधी के साथ बारिश हुई। बोरीवली, कांदिवली, मलाड, अंधेरी और बांद्रा जैसे कुछ पश्चिमी उपनगरों में भारी बारिश हुई, जबकि पूर्वी उपनगरों और द्वीप शहर के कुछ हिस्सों में तेज हवाएं चलने के साथ धूल भरी आंधी के बाद हल्की से मध्यम बारिश हुई। 

बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) के एक अधिकारी ने कहा कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रात 9 बजकर 35 मिनट पर चेतावनी जारी की, जिसमें अगले तीन से चार घंटों में मुंबई शहर, मुंबई उपनगरीय, ठाणे, पालघर और नासिक जिलों में अलग-अलग स्थानों पर 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ बिजली चमकने और मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया। (इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें-

'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद CM ममता की आई प्रतिक्रिया, "जय हिंद, जय इंडिया"

भारत में रहकर पाकिस्तान का पक्ष लेने वालों पर बड़ी कार्रवाई, असम में अब तक 45 गिरफ्तार, कुछ पर लगेगा NSA