1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. 2 सगे भाइयों ने अपने माता-पिता की गला घोंटकर हत्या की, खुद भी ट्रेन के सामने कूदकर दी जान, सामने आई वजह

2 सगे भाइयों ने अपने माता-पिता की गला घोंटकर हत्या की, खुद भी ट्रेन के सामने कूदकर दी जान, सामने आई वजह

महाराष्ट्र के नांदेड़ में 2 सगे भाइयों ने अपने माता-पिता की गला घोंटकर हत्या की। इसके बाद वह खुद भी ट्रेन के सामने कूद गए और जान दे दी।

Nanded- India TV Hindi
Image Source : ANI/REPRESENTATIVE PIC 2 सगे भाइयों ने अपने माता-पिता की गला घोंटकर हत्या की

नांदेड़: महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां 2 सगे भाईयों ने अपने ही माता-पिता को मौत के घाट उतार दिया और इस घटना को अंजाम देने के बाद दोनों भाईयों ने खुद भी ट्रेन के सामने कूदकर सुसाइड कर ली।

क्या है पूरा मामला?

नांदेड़ में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई। हैरानी की बात ये है कि परिवार के 2 बेटों ने पहले अपने माता-पिता की हत्या की, फिर खुद भी सुसाइड कर ली। पुलिस अधिकारी ने शनिवार को ये जानकारी दी।

मृतक माता पिता की पहचान रमेश सोनाजी लखे (51) और उनकी पत्नी राधाबाई लखे (45) के रूप में हुई है। घटना को अंजाम देने वाले और खुद भी सुसाइड करने वाले बेटों की पहचान उमेश (25) और बजरंग (23) के रूप में हुई है।

माता-पिता के शव मुदखेड तहसील के ज्वाला मुरहर गांव स्थित उनके घर में एक पलंग पर बरामद हुए। वहीं बेटों के शव गांव से कुछ दूर मुगत रेलवे स्टेशन के पास पटरियों पर मिले।

सामने आई इस घटना की वजह 

मिली जानकारी के मुताबिक, ये हत्या और आत्महत्या का मामला रुपयों की किल्लत की वजह से सामने आया। पुलिस ने बताया कि जब माता-पिता घर पर सो रहे थे, उसी वक्त उनके बेटों ने उनका गला घोंट दिया और फिर खुद ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। 

मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक पिता को लकवा लगा हुआ था और उनकी बीमारी की वजह से घर में आर्थिक परेशानियां थीं। पुलिस का कहना है कि जांच में ये सामने आया है कि इस हत्याकांड को बेटों ने अंजाम दिया और फिर खुद भी सुसाइड कर ली। 

हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है और लोग तमाम तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। एक ही घर से 4 लोगों की मिट्टी उठने से आस-पास के लोग भी दुखी हैं।