मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनों के संचालन में मंगलवार दोपहर एक बड़ी चूक सामने आई। छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) पर गलत सिग्नल की वजह से एक ही प्लेटफॉर्म पर दो ट्रेनें आमने-सामने आ गईं। हालांकि, समय रहते ट्रेन के रुक जाने से एक बड़ा हादसा टल गया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि घटना के बाद स्टेशन मास्टर को निलंबित कर दिया गया है।
घटना मंगलवार दोपहर करीब 3:15 बजे की है। मध्य रेलवे के अधिकारियों के अनुसार, बदलापुर जाने वाली एक लोकल ट्रेन को प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर जाना था। लेकिन सिग्नल की गलती के कारण उसे प्लेटफॉर्म नंबर 5 की ओर भेज दिया गया। चौंकाने वाली बात यह थी कि प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर पहले से ही खोपोली जाने वाली एक अन्य ट्रेन खड़ी थी।
ड्राइवर की सूझबूझ से टला हादसा
मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) स्वप्निल नीला ने बताया कि ट्रेन ने सीएसएमटी का होम सिग्नल पार कर लिया था। प्लेटफॉर्म से करीब 270 मीटर पहले स्थित इंटरनल होम सिग्नल लाल था, जिसे देखकर ड्राइवर ने तुरंत ट्रेन रोक दी। उस वक्त बदलापुर ट्रेन और प्लेटफॉर्म पर खड़ी दूसरी ट्रेन के बीच की दूरी महज 130 मीटर के आस-पास थी।
इस चूक के कारण मध्य रेलवे की मुख्य लाइन पर ट्रेनों का परिचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ। घटना के बाद प्लेटफॉर्म नंबर 5 से 8 तक की सेवाओं को अस्थायी रूप से रोक दिया गया। बदलापुर ट्रेन को पीछे लेकर सही मार्ग पर डाला गया। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान मुख्य लाइन की ट्रेनें अपने निर्धारित समय से काफी देरी से चलीं।
लगातार दूसरे दिन प्रभावित हुई मुंबई लोकल
मध्य रेलवे के यात्रियों के लिए यह लगातार दूसरा दिन था जब उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। इससे एक दिन पहले ही ठाणे के डोंबिवली स्टेशन के पास कार शेड से निकल रही एक खाली ट्रेन का डिब्बा पटरी से उतर गया था, जिसके कारण घंटों तक यातायात बाधित रहा था।
ये भी पढ़ें-
ट्रेन पर चढ़ते समय यात्री को आया हार्ट अटैक, गाड़ी चली तो गिरकर पटरी पर चला गया; घटना CCTV में कैद
भीषण गर्मी और लू की चपेट में उत्तर प्रदेश के ज्यादातर इलाके, बांदा में पारा 44 डिग्री के पार