1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. नागपुर में पेट्रोल भरवाने जा रहे हैं तो कैश लेकर जाएं, 10 मई से नहीं होगा ऑनलाइन पेमेंट, जानें क्यों लिया गया यह फैसला

नागपुर में पेट्रोल भरवाने जा रहे हैं तो कैश लेकर जाएं, 10 मई से नहीं होगा ऑनलाइन पेमेंट, जानें क्यों लिया गया यह फैसला

विदर्भ पेट्रोलियम डीलर असोसिएशन ने तय किया है कि 10 मई से किसी भी पेट्रोल पंप पर ऑनलाइन पेमेंट नहीं स्वीकार करेंगे। सभी ग्राहकों को पेट्रोल लेने के लिए कैश में पेमेंट करना होगा।

Petrol pump- India TV Hindi
Image Source : FILE PHOTO पेट्रोल पंप

महाराष्ट्र के नागपुर में 10 मई से पेट्रोल पंप पर डिजिटल पेमेंट नहीं स्वीकार किए जाएंगे। विदर्भ पेट्रोलियम डीलर असोसिएशन ने यह फैसला किया है। नेशनल सायबर क्राईम पोर्टल ने एक पेट्रोल पंप मालिक का खाता ब्लॉक कर दिया है। इसके बाद यह फैसला किया गया है। पेट्रोल पंप मालिक के बैंक खाते में साइबर क्रिमिनल ने फ्रॉड ट्रांजेक्शन किए थे। इसी वजह से उनका अकाउंट ब्लॉक किया गया है। अकाउंट ब्लॉक होने के बाद मालिक ने ऑनलाइन पेमेंट नहीं स्वीकार करने का फैसला किया है। 

आज के समय में पूरे देश में डिजिटल इंडिया अभियान के माध्यम से नागरिक तेजी से डिजिटल माध्यम से लेन-देन करने को प्राथमिकता दे रहे हैं। इस बीच नागपुर में विदर्भ पेट्रोलियम डीलर असोसिएशन के फैसले के चलते नागपुर में नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

10 मई से नहीं होंगे डिजिटल पेमेंट

10 मई से नागपुर के पेट्रोल पंप पर डिजिटल पेमेंट नहीं होगा। आप को अगर अपने वाहन में पेट्रोल डलवाना है तो जेब में कैश लेकर पेट्रोल पंप जाना होगा। विदर्भ पेट्रोल पंप डीलर असोसिएशन के अध्यक्ष अमित गुप्ता ने बताया "नेशनल सायबर क्राईम पोर्टल से पेट्रोल पंप मालिक के बैंक खाते में सायबर क्रिमिनल ने फ्रॉड ट्राजेक्शन किए, जिस वजह से उनके अकाउंट ब्लॉक किए गए हैं। कुछ के बैंक खाते फ्रीज किए गए हैं। अकाऊंट मे लिन मार्क लगे हैं। इसलिए हमने यह फैसला किया है कि हम नागपुर के पेट्रोल पंप पर डिजिटल पेमेंट 10 मई से स्वीकार नहीं करेंगे।"

दरअसल यह फैसले के पीछे वजह यह बताई जा रही है कि, कई बार सायबर क्रिमिनल पेमेंट फ्रॉड के जरिए पेट्रोल पम्प पर पेट्रोल भरवाते हैं और सायबर पोर्टल पर जहां आखिरी ट्रान्जैक्शन हुआ रहता है, उस खाते को ब्लॉक किया जाता है। 

दो पेट्रोल पंप डीलर के खाते सीज

नागपुर शहर में अब तक 2 पेट्रोल पंप डीलर के खाते सीज हुए हैं और 30 डीलर के खातों पर लिन लगाया गया है। एक डीलर का खाता 280 रुपये के लिए ब्लॉक किया गया है, जबकि उनके खाते में 18 लाख रुपये हैं। ऐसी समस्या का सामना पेट्रोल पंप डीलर को करना पड़ रहा है। इसलिए नागपुर में 10 मई से पेट्रोल पंप पर डिजिटल भुगतान बंद करने का फैसला किया गया है। नागपुर में 10 मई से पेट्रोल पंप पर डिजिटल भुगतान नहीं होने से अब सामान्य नागपुर वासियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।