1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. BJP विधायक के ऑफिस में मिला लावारिस बैग, खोलकर देखा तो रखे थे हथियार; पहले भी मिल चुकी है धमकी

BJP विधायक के ऑफिस में मिला लावारिस बैग, खोलकर देखा तो रखे थे हथियार; पहले भी मिल चुकी है धमकी

छत्रपति संभाजीनगर में भाजपा एमएलसी के ऑफिस में एक लावारिस बैग मिला, जो कोई वहां रखकर चला गया था। बैग खोलकर देखा गया तो उसमें हथियार मिला। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

भाजपा विधायक संजय केनेकर।- India TV Hindi
Image Source : X/SANJAY_KENEKAR भाजपा विधायक संजय केनेकर।

संभाजीनगर: छत्रपति संभाजीनगर में भाजपा के विधान परिषद सदस्य (MLC) संजय केनेकर के कार्यालय में एक बैग मिला है। जानकारी के मुताबिक किसी अज्ञात व्यक्ति ने यह बैग लाकर रख दिया, जिसकी जानकारी मिलते ही हड़कंप मच गया। इसके बाद संदिग्ध बैग को खोलकर देखा गया तो उसमें से हथियार बरामद हुआ। फिलहाल पुलिस को इस घटना की सूचना दे दी गई है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जानकारी के मुताबिक भाजपा नेता को पहले भी जान से मारने की धमकी मिल चुकी है, ऐसे में उनके कार्यालय में हथियारों से भरा बैग मिलने के बाद उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता गहरी हो गई है। 

अज्ञात व्यक्ति ने छोड़ा बैग

वहीं घटना के बारे में जानकारी देते हुए भाजपा विधायक संजय केनेकर ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब सात बजे क्रांति चौक स्थित उनके कार्यालय में कोई व्यक्ति काले रंग का बैग छोड़ गया था। उन्होंने बताया कि एहतियात के तौर पर जब उनके कर्मचारी ने बैग की जांच की, तो उसमें से हथियार बरामद हुआ। उन्होंने बताया कि हाल ही में हुए नगर निकाय चुनावों के दौरान भी उन्हें कई धमकियां मिली थीं। हालांकि, उन्होंने इन धमकियों और बरामद हथियार के बीच किसी संभावित संबंध पर विस्तार से कुछ नहीं कहा। 

जांच में जुटी पुलिस

भाजपा विधायक संजय केनेकर ने कहा, "जिस व्यक्ति ने बैग रखा, उसकी मंशा के बारे में मैं कुछ नहीं कह सकता, लेकिन उसकी मंशा कुछ और रही होगी, इतना ही कह सकता हूं।" वहीं घटना को लेकर पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हथियार जब्त कर लिया गया है। अधिकारी ने कहा, "यह एयरगन प्रतीत होती है। यह पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं कि इसे विधायक के कार्यालय में कौन लेकर आया।" पुलिस की टीम मामले की विस्तृत जांच कर रही है। 

यह भी पढ़ें-

नागपुर को मिलीं 50 नई ई-बसें, PM मोदी किया वर्चुअल लोकार्पण; जानें क्या-क्या है इसकी खासियत