A
  1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. मुंबई में इस साल क्यों हो रही इतनी बारिश? सामने आया कारण, जानें कब तक मिलेगी राहत

मुंबई में इस साल क्यों हो रही इतनी बारिश? सामने आया कारण, जानें कब तक मिलेगी राहत

मुंबई में पिछले 3-4 दिनों से भारी बारिश हो रही है। इस बारिश का कारण कई मौसमी प्रणालियों का एक साथ एक्टिव होना है। IMD के मुताबिक, अभी शुक्रवार तक भारी बारिश जारी रह सकती है।

Mumbai rain 2025, heavy rainfall Mumbai reason, IMD Mumbai alert- India TV Hindi
Image Source : PTI मुंबई में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

मुंबई: महाराष्ट्र की आर्थिक राजधानी मुंबई इन दिनों भारी बारिश की चपेट में है। पिछले कुछ दिनों से लगातार मूसलाधार बारिश ने शहर का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। मंगलवार को तो मात्र 24 घंटों में कई इलाकों में 300 मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग यानी कि IMD के मुताबिक, इस साल अगस्त का महीना पिछले 5 सालों में सबसे ज्यादा बारिश वाला साबित हुआ है। लेकिन सवाल यह है कि आखिर मुंबई में इतनी बरसात क्यों हो रही है?

कई मौसम प्रणालियां एक साथ हुईं सक्रिय

IMD के वैज्ञानिकों ने बताया कि मुंबई में हो रही इस भारी बारिश का कारण कई मौसमी प्रणालियों का एक साथ सक्रिय होना है। सबसे बड़ा कारण है मानसून ट्रफ (Monsoon Trough), जो एक लंबा निम्न दाब क्षेत्र है। यह पाकिस्तान से लेकर बंगाल की खाड़ी तक फैला हुआ है और मानसून का एक अहम हिस्सा है। इस बार यह ट्रफ दक्षिण की ओर खिसक गया है, जिसके चलते भारी बारिश हो रही है। इसके अलावा, उत्तर-पूर्वी अरब सागर और गुजरात के ऊपर एक अपर एयर साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है।

साथ ही, एक शीयर जोन (Shear Zone) भी सक्रिय है, जहां हवा की गति और दिशा में तेज बदलाव के कारण बादल बन रहे हैं। इन सभी मौसमी सिस्टम्स ने मिलकर मानसूनी हवाओं को और तेज कर दिया है, जो नमी लाकर मुंबई में मूसलाधार बारिश का सबब बन रही हैं। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, ये मौसमी सिस्टम मिलकर भारी बरसात का माहौल बना रहे हैं। जब तक दबाव का क्षेत्र कमजोर नहीं होगा, बारिश की तीव्रता बनी रहेगी।

Image Source : PTIमुंबई में अभी शुक्रवार तक मूसलाधार बारिश की संभावना है।

मुंबई पर जमकर टूटा है बारिश का कहर

इस मूसलाधार बारिश ने मुंबई को बुरी तरह प्रभावित किया है। मीठी नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर 3.90 मीटर तक पहुंच गया, जिससे क्रांति नगर जैसे इलाके पानी में डूब गए। बीएमसी ने 350 से ज्यादा लोगों को झुग्गियों से निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। भारी बारिश के चलते मध्य रेलवे की हार्बर लाइन और CSMT-ठाणे रूट पर ट्रेन सेवाएं ठप हो गईं। सड़कों पर जलभराव के कारण कई जगहों पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी हुई है। सांताक्रूज, कोलाबा, चिंचोली, कांदिवली और डिंडोशी में भारी बारिश ने लोगों की जान आफत में डाल दी है।

मुंबई के आसमान से कब तक बरसेंगे बादल?

IMD ने कहा था कि मुंबई में बुधवार को बारिश थोड़ी थमेगी, लेकिन भारी से बहुत भारी बारिश शुक्रवार तक जारी रहने की संभावना है। गुरुवार के लिए मुंबई, ठाणे और पालघर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि रायगढ़ के लिए रेड अलर्ट है। कोंकण क्षेत्र में शुक्रवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। भारी बारिश को देखते हुए बीएमसी ने लोगों से घरों में रहने और जरूरी होने पर ही बाहर निकलने की अपील की है। साथ ही, स्कूल-कॉलेज और कई सरकारी दफ्तरों में छुट्टी घोषित की गई है। बारिश से परेशान लोग उम्मीद कर रहे हैं कि जल्द ही मौसम साफ हो और शहर की रफ्तार फिर से पटरी पर लौटे।