1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महिला को अपने प्रेमी पर था काले जादू का शक, साइबर फ्रॉड ने खुद को बताया तांत्रिक, लूट ली मोटी रकम

महिला को अपने प्रेमी पर था काले जादू का शक, साइबर फ्रॉड ने खुद को बताया तांत्रिक, लूट ली मोटी रकम

मुंबई के सांताक्रूज इलाके में साइबर फ्रॉड की अनोखी घटना देखने को मिली है। दरअसल यहां तंत्र विद्या के नाम पर और काला जादू से छुटकारा दिलाने के नाम पर ठग ने महिला से 3.5 लाख रुपये लूट लिए।

woman suspected her lover of black magic a cyber fraud called himself a Tantrik and looted a huge am- India TV Hindi
Image Source : FILE PHOTO प्रतीकात्मक तस्वीर

मुंबई के सांताक्रुज इलाके में साइबर फ्रॉड की एक चौंकाने वाली घटना देखने को मिली है। दरअसल यहां एक महिला से एक अज्ञात साइबर ठग ने 3.5 लाख रुपये ठग लिए। जालसाझ ने कथित तौर पर युवती को यकीन दिलाया कि उसका प्रेमी काले जादू के प्रभाव में है और उसने आश्वासन दिया कि पूजा विधि के माध्यम से काले जादू को हटाया जा सकता है। घोटालेबाज के दावों पर विश्वास करके युवती ने ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर कर दिए और फ्रॉड का शिकार हो गई। वकोला पुलिस ने साइबर फ्रॉड और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है और आरोपी का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। 

तांत्रिक बनकर लूट लिए 3.5 लाख

प्राथमिक रूप से मिली जानकारी के मुताबिक, 32 वर्षीय शिकायतकर्ता अपने परिवार के साथ सांताक्रूज में रहती है। पिछले साल अक्तूबर में वह उत्तर प्रदेश के मूल निवासी ऋषिकेश नामक एक लड़के से मिली, जो फिलहाल ठाणे में रह रहा है। उनकी दोल्ती जल्द ही एक रिश्ते में बदल गई। लेकिन लड़की को संदेह होने लगा कि ऋषिकेश का एक अन्य महिला के साथ भी रिलेशन है। ऋषिकेश महिल के फोन का जवाब नहीं देता था और उसके फोन पर रिस्पॉन्स नहीं करता था। इस दौरान महिला को सोशल मीडिया पर एक ऑनलाइन विज्ञापन मिला, जिसमें रिश्तों की समस्याओं से जूझ रहे लोगों की मदद करने का दावा किया गया था। उत्सुकतावश उसने विज्ञापन में दिए गए नंबर पर संपर्क किया। खुद को तांत्रिक बताकर धोखेबाज ने उसकी चिंताओं को सुना और महिला को विश्वास दिलाया कि ऋषिकेश पर एक अन्य महिला ने काला जादू किया है, जिसकी वजह से उनके रिश्तों में समस्याएं आ रही हैं। 

काले जादू के नाम पर ठगी

ठग द्वारा महिला को यह विश्वास दिलाया गया कि तांत्रिक विद्या का उपयोग करके वह काले जादू को हटा सकता है और इसके लिए महिला से कुछ पेमेंट करने के लिए कहा। महिला ने शुरुआत में उसे कुछ पैसे दिए और उसके बाद अलग-अलग ट्रांजैक्शन के माध्यम से लगभग 3.5 लाख रुपए उस फर्जी तांत्रिक को भेज दिए। महिला ने कुल मिलाकर 53 ट्रांजैक्शन के माध्यम से ये पैसे भेजे, लेकिन महिला ने नोटिस किया कि इतने पैसे देने के बाद भी ऋषिकेश के बर्ताव में कोई भी बदलाव नजर नहीं आ रहा है। जब ये बात महिला ने ठग से कही तो उसकी तरफ से जवाब दिया गया की तांत्रिक विद्या चल रही है, कुछ विशेष पूजा विधि के लिए आपको राजस्थान आना पड़ेगा, लेकिन महिला ने वहां जाने से मना कर दिया और उसे मुंबई बुलाया लेकिन ठग ने कोई संपर्क नहीं किया, जिसके बाद महिला समझ गई कि उसके साथ फ्रॉड हुआ है और उसने वाकोला पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।