1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र में 80 फीट ऊंचे किले से गिरकर महिला और दो बच्चों की मौत, एक घायल

महाराष्ट्र में 80 फीट ऊंचे किले से गिरकर महिला और दो बच्चों की मौत, एक घायल

महाराष्ट्र के धाराशिव में एक महिला अपने तीन बच्चों के साथ नलदुर्ग किले पर घूमने गई थी। इस दौरान सभी किले से गिर गए। घटना में महिला और उसके दो बच्चों की मौत हो गई है, जबकि एक बच्ची घायल है।

किले से गिरकर महिला और दो बच्चों की मौत।- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV किले से गिरकर महिला और दो बच्चों की मौत।

महाराष्ट्र के धाराशिव जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां मशहूर नलदुर्ग किले के उपली बुर्ज से गिरकर एक महिला और उसके दो बच्चों की मौत हो गई। वहीं एक घायल बच्ची का इलाज किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस की टीम मामले की जांच कर रही है। बता दें कि 105 एकड़ में फैले नलदुर्ग किले में 100 से ज़्यादा बुर्ज हैं। उपली बुर्ज लगभग 80 फीट ऊंचा है।

तीन लोगों की हुई मौत

पुलिस ने बताया कि अश्विनी मनोहर पाल नाम की एक महिला वंतल गांव में अपने माता-पिता के साथ रह रही थी। वह अपने बेटे अजिंक्य (5.5 साल) और जुड़वां बेटियों वीरा और क्रांति (ढाई साल) के साथ नलदुर्ग किले पर घूमने गई थी। पुलिस के मुताबिक किले के ऊपरी हिस्से (उपली बुर्ज) से चारों लोग गिर गए। इस घटना में अश्विनी और अजिंक्य की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घायल अवस्था में वीरा और क्रांति को धाराशिव सिविल अस्पताल ले जाया गया। अधिकारियों के मुताबिक इलाज के दौरान क्रांति की भी मौत हो गई। 

घटना की जांच कर रही पुलिस

जानकारी के मुताबिक अश्विनी पहले महाराष्ट्र सुरक्षा बल (एक सरकारी सुरक्षा एजेंसी) में काम करती थी, लेकिन 4-5 महीने पहले उन्होंने इस्तीफा दे दिया था। फिलहाल नलदुर्ग पुलिस स्टेशन में दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने आगे कहा, "अश्विनी और उनके दो बच्चों का अंतिम संस्कार आज किया जाएगा। इसके बाद घटना की वजह की जांच की जाएगी।"

छत्रपति संभाजीनगर में तीन लोगों की मौत

इससे पहले हाल ही में महाराष्ट्र के ही छत्रपति संभाजीनगर में तीन लोगों की पहाड़ी से गिरकर मौत का मामला काफी चर्चा में था। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें एक युवक को पहाड़ी के किनारे पर खड़ा देखा जा सकता है। इस दौरान उसका पिता उसे पकड़ने के लिए किनारे की तरफ जाता है। हाालंकि इसी दौरान युवक पहाड़ी से पीछे की तरफ पैर फिसल जाने से गिर जाता है। वहीं हाथ पकड़ने की वजह से उसका पिता भी खाई में गिर गया। इस घटना के बाद युवक की मां ने भी खाई में कूदकर जान दे दी थी। हालांकि यह भी कयास लगाए जा रहे थे कि आईफोन की मांग को लेकर युवक आत्महत्या करने पहुंचा था। फिलहाल पुलिस की टीम मामले की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें-

श्रीनगर एयरपोर्ट पर विमान ने पोल को सामने से ठोका, नवी मुंबई से पहुंची थी इंडिगो की फ्लाइट