A
Hindi News नॉर्थ ईस्ट असम असम में पाकिस्तान का समर्थन करना पड़ा महंगा! CM हिमंता ने बताया विधायक समेत कितने हुए अरेस्ट

असम में पाकिस्तान का समर्थन करना पड़ा महंगा! CM हिमंता ने बताया विधायक समेत कितने हुए अरेस्ट

जम्मू-कश्मीर आतंकी हमले के बाद असम में पाकिस्तान समर्थक पोस्ट करने पर लगातार गिरफ्तारी हो रही है। मुख्यमंत्री हिमंता विश्व शर्मा ने ऐसे लोगों पर NSA लगाने की चेतावनी दी है और सोशल मीडिया पोस्ट की सख्त निगरानी हो रही है।

Assam, Himanta Biswa Sarma, Pakistan support, social media posts- India TV Hindi Image Source : PTI असम के मुख्यमंत्री हिमंता विश्व शर्मा।

गुवाहाटी: असम के मुख्यमंत्री हिमंता विश्व शर्मा ने शनिवार को बताया कि जम्मू-कश्मीर में हुए आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान समर्थक पोस्ट करने के आरोप में राज्य में अब तक 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने साफ कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो इन लोगों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून यानी कि NSA के तहत कार्रवाई होगी। गुवाहाटी में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में एक कार्यक्रम के शर्मा ने कहा, 'भारत और पाकिस्तान के बीच कोई समानता नहीं है। दोनों देश दुश्मन राष्ट्र हैं और हमें ऐसे ही रहना चाहिए।'

'सभी सोशल मीडिया पोस्ट की हो रही समीक्षा'

शर्मा ने बताया कि शुक्रवार को कृषक मुक्ति संग्राम समिति के एक नेता को ‘भारत विरोधी टिप्पणी’ करने के लिए गिरफ्तार किया गया। मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि जो भी ऐसा रुख अपनाएगा, उसे गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा, 'अगर जरूरत पड़ी तो हम उन पर NSA के प्रावधान लगाएंगे। हम सभी (सोशल मीडिया) पोस्ट की समीक्षा कर रहे हैं और हमें जो भी राष्ट्र विरोधी लगता है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।' शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक पोस्ट में बताया कि पाकिस्तान के समर्थन में टिप्पणी करने वालों की गिरफ्तारी की संख्या बढ़कर 14 हो गई है।

'पाकिस्तान जिंदाबाद लिखने पर एक अरेस्ट'

शनिवार शाम 7 बजे तक की कार्रवाई की जानकारी देते हुए उन्होंने लिखा, 'देशद्रोही टिप्पणी करने वाले 14 लोगों को अब तक गिरफ्तार किया गया है।' दिन के दौरान कम से कम 6 लोग गिरफ्तार किए गए, जिनमें कछार में 2, और हैलाकांडी, नागांव व श्रीभूमि में एक-एक व्यक्ति शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने ‘X’ पर एक अन्य पोस्ट में बताया कि शुक्रवार रात श्रीभूमि जिले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया। उन्होंने कहा कि उसने फेसबुक पर ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ लिखा था। एक और पोस्ट में उन्होंने जानकारी दी, 'कछार पुलिस ने सोशल मीडिया पर पाकिस्तान के समर्थन में पोस्ट करने के आरोप में 2 और लोगों को गिरफ्तार किया है।'

AIUDF के विधायक भी पुलिस हिरासत में

इससे पहले शर्मा ने बताया था कि गुरुवार को ‘ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट’ यानी कि AIUDF के विधायक अमीनुल इस्लाम सहित 2 लोगों को गिरफ्तार किया गया था, जबकि शुक्रवार को पूरे राज्य में 6 और गिरफ्तारियां हुईं। यह कार्रवाई जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को हुए आतंकी हमले के बाद शुरू की गई। बता दें कि इस भीषण आतंकी हमले में धार्मिक पहचान के आधार पर 26 लोग मारे गए थे और मरने वालों में ज्यादातर पर्यटक थे। इस हमले के बाद से असम पुलिस सख्ती से सोशल मीडिया पर नजर रख रही है और राष्ट्र विरोधी गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई कर रही है। (भाषा)