A
  1. Hindi News
  2. नॉर्थ ईस्ट
  3. असम
  4. नॉर्थ ईस्ट के सभी राज्य दिल्ली से डायरेक्ट फ्लाइट से कब तक जुड़ेंगे? गृह मंत्री अमित शाह ने दी ये डेडलाइन

नॉर्थ ईस्ट के सभी राज्य दिल्ली से डायरेक्ट फ्लाइट से कब तक जुड़ेंगे? गृह मंत्री अमित शाह ने दी ये डेडलाइन

नॉर्थ ईस्ट के सभी राज्यों को जल्द ही दिल्ली से डायरेक्ट उड़ानों से जोड़ दिया जाएगा। इसका ऐलान गृह मंत्री अमित शाह ने एक कार्यक्रम में किया।

Air service- India TV Hindi
Image Source : FILE विमान

गुवाहाटी: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह नेपूर्वोत्तर के लोगों के प्रति केंद्र की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि 2027 तक पूर्वोत्तर के सभी आठ राज्यों का दिल्ली से सीधा हवाई संपर्क होगा। दिल्ली कैंट में गुरुवार को आयोजित एकता उत्सव में एक सभा को संबोधित करते हुए शाह अमित शाह ने यह ऐलान किया। उन्होंने कहा, "2027 तक पूर्वोत्तर के सभी आठ राज्यों का दिल्ली से सीधा हवाई संपर्क होगा। देश का पहला खेल विश्वविद्यालय मणिपुर में स्थापित किया गया है और मेरा मानना ​​है कि 2036 ओलंपिक तक भारत पदक तालिका में शीर्ष-10 स्थान हासिल कर लेगा, जिसमें पूर्वोत्तर महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।" 

कानून और व्यवस्था में बदलाव

गृह मंत्री ने क्षेत्र में हिंसा की घटनाओं में गिरावट का जिक्र किया और कहा कि पिछले दशक में, खास तौर से पिछले पांच वर्षों में, पूर्वोत्तर में कानून और व्यवस्था में बदलाव देखा गया है। हिंसक गतिविधियों में 70% की कमी आई है। सुरक्षा कर्मियों के हताहत होने की संख्या में 70% की कमी आई है और नागरिकों की मौतों में 85% की कमी आई है। अमित शाह ने कहा, "यह पूर्वोत्तर के लिए शांति और विकास के एक नए युग का प्रतीक है।" 

12 शांति समझौतों पर हस्ताक्षर 

विद्रोही समूहों के साथ कई समझौतों के माध्यम से शांति को बढ़ावा देने में सरकार के प्रयासों का जिक्र करते हुए, शाह ने दोहराया कि 2014 से 10,500 से अधिक युवाओं ने हथियार डाल दिए हैं और मुख्यधारा में शामिल हो गए हैं। "2014 से, 10,500 से अधिक युवाओं ने अपने हथियार डाल दिए हैं। 2019 और 2024 के बीच, हमने 12 शांति समझौतों पर हस्ताक्षर किए।"

असम-मेघालय सीमा विवाद सुलझा 

उन्होंने क्षेत्र में लंबे समय से चले आ रहे सीमा विवादों के समाधान पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, "2022 में हमने असम-मेघालय सीमा विवाद सुलझा लिया और 2023 में हम असम-अरुणाचल सीमा विवाद पर समझौते पर पहुंच गए।" अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम के राज्य दिवस के अवसर पर अमित शाह ने पूर्वोत्तर की सांस्कृतिक समृद्धि की सराहना की। उन्होंने कहा, "यह क्षेत्र 220 से अधिक स्वदेशी समुदायों, 160 जनजातियों, 200 भाषाओं, 50 अनूठे त्योहारों और 30 से अधिक पारंपरिक नृत्य रूपों का घर है। पूर्वोत्तर भारत का अभिन्न अंग है और इसके बिना भारत अधूरा है।"