1. Hindi News
  2. नॉर्थ ईस्ट
  3. असम
  4. असम पंचायत चुनाव रिजल्ट: कड़ी सुरक्षा के बीच हो रही है काउंटिंग, छह सीटों पर भाजपा की जीत

असम पंचायत चुनाव रिजल्ट: कड़ी सुरक्षा के बीच हो रही है काउंटिंग, छह सीटों पर भाजपा की जीत

असम में हुए पंचायत चुनाव के वोटों की गिनती जारी है। काउंटिंग सोमवार तक होगी, रविवार को हो रही गिनती में भाजपा को छह सीटों पर जीत मिली है।

assam panchayat chunav result- India TV Hindi
Image Source : FILE PHOTO असम पंचायत चुनाव रिजल्ट

असम पंचायत चुनाव की मतगणना रविवार सुबह से ही पूरे राज्य में कड़ी सुरक्षा के बीच जारी है। राज्य में निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन के बाद पहली बार 27 जिलों में दो मई और सात मई को दो चरणों में पंचायत चुनाव हुआ था और रविवार को दोनों चरणों की मतगणना सुबह आठ बजे से एक साथ हो रही है और वोटों की गितनी कल रात तक जारी रहने की संभावना है। असम राज्य निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, भाजपा ने छह सीटों पर जीत हासिल की है।

भाजपा निकली आगे, कांग्रेस पिछड़ी

एएसईसी आयुक्त आलोक कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘ 2,192 आंचलिक पंचायत (एपी) सदस्यों के लिए भी मतदान हुआ, जिनमें से 1,124 सीट महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। इसके साथ ही 397 जिला परिषद (जेडपी) सदस्यों के लिए भी मतदान हुआ, जिनमें से 199 सीट महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। कुल सीटों में 21,920 ग्राम पंचायत (जीपी) सीट शामिल हैं, जिनमें से 10,883 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। 

सूत्रों के मुताबिक भाजपा 355 एपी सीट पर आगे है और उसकी सहयोगी असम गण परिषद 42 सीट पर आगे है। कांग्रेस 21 एपी निर्वाचन क्षेत्रों में आगे है। जिला परिषद की बात करें तो यहां भाजपा 35 और असम गण परिषद (अगप) दो सीट पर आगे है। कांग्रेस अब तक किसी भी जिला परिषद सीट पर आगे नहीं है। जी.पी.सीट के लिए उम्मीदवारों को पार्टी टिकट पर चुनाव लड़ने की अनुमति नहीं थी और उन सभी ने निर्दलीय चुनाव लड़ा।

कल रात तक आएंगे रिजल्ट

राज्य भर के सभी 39 केंद्रों पर मतों की गिनती शुरू हो गई। उम्मीदवारों के मतगणना एजेंट इस कार्य के लिए सुबह-सुबह ही पहुंच गए थे।’ प्राप्त जानकारी के अनुसार, 2,912 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए जिनमें 34 जिला परिषद सदस्य, 311 एपी सदस्य और 2,567 जीपी वार्ड सदस्य शामिल हैं। अधिकारी ने बताया कि चुनाव में हजारों सीट हैं। हम जल्द से जल्द मतगणना पूरी करने की कोशिश करेंगे। इस चुनाव में कुल 1.80 करोड़ लोगों में से 74.71 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था।