1. Hindi News
  2. नॉर्थ ईस्ट
  3. असम
  4. असम में बाल विवाह का पूरी तरह होगा खात्मा, मुख्यमंत्री ने दे दी डेडलाइन

असम में बाल विवाह का पूरी तरह होगा खात्मा, मुख्यमंत्री ने दे दी डेडलाइन

असम में बाल विवाह को खत्म करने के लिए मुख्यमंत्री ने डेडलाइन सेट कर दी है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि राज्य में बाल विवाह कुरीति को पूरी तरह खत्म करने का संकल्प लिया गया है।

मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि असम में 2026 तक बाल विवाह कुरीति को खत्म कर देंगे- India TV Hindi
Image Source : PTI (FILE) मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि असम में 2026 तक बाल विवाह कुरीति को खत्म कर देंगे

असम में बाल विवाह कुरीति को खत्म करने को लेकर मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा का एक बड़ा बयान सामने आया है। असम के मुख्यमंत्री ने राज्य में बाल विवाह को खत्म करने की डेडलाइन सेट कर दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में 2026 तक बाल विवाह कुरीति को पूरी तरह खत्म करने का संकल्प लिया गया है। एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार सीएम ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा बाल विवाह के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने का नतीजा है कि 2021-22 और 2023-24 के बीच राज्य के 35 जिलों में से 20 जिलों में इस तरह के मामलों में 81 प्रतिशत की कमी आई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रविवार को आयोजित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के सम्मेलन के दौरान बाल विवाह को खत्म करने के असम के अभियान की सराहना की गई। उन्होंने कहा कि पीएम नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित सम्मेलन में बाल विवाह को खत्म करने के लिए असम सरकार के 'जोरदार और अथक' प्रयासों के लिए केंद्रीय मंत्रियों, अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों और खुद प्रधानमंत्री से काफी सराहना मिली।

'बाल विवाह को खत्म करने के लिए असम मॉडल का अनुकरण करें'

विज्ञप्ति के अनुसार प्रधानमंत्री ने NDA शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बाल विवाह कुरीति को खत्म करने के लिए असम मॉडल का अनुकरण करने को कहा। इसमें कहा गया कि मोदी ने अधिकारियों से असम का दौरा करने को भी कहा ताकि वे इसका प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त कर सकें कि राज्य ने बाल विवाह को कैसे खत्म किया है। सम्मेलन में मुख्यमंत्रियों ने जल संरक्षण, शिकायत निवारण, शिक्षा, महिला सशक्तीकरण और खेल जैसे क्षेत्रों में उनके राज्यों में किए गए बेहतर अभ्यास का प्रदर्शन किया। (Input PTI)