A
  1. Hindi News
  2. नॉर्थ ईस्ट
  3. असम
  4. असम में 2 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त, दो लोगों की हुई गिरफ्तारी, सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने दी जानकारी

असम में 2 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त, दो लोगों की हुई गिरफ्तारी, सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने दी जानकारी

असम के कछार जिले में दो संदिग्ध तस्करों के पास से 2 करोड़ से अधिक रूपये की कीमत के ड्रग्स को बरामद किया गया है। सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने इसकी जानकारी साझा की है।

Drugs worth Rs 2 crore seized in Assam two people arrested CM Himanta Biswa Sarma gave information- India TV Hindi
Image Source : PTI हिमंता बिस्वा सरमा

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शनिवार को कहा कि कछार जिले में दो संदिग्ध तस्करों को गिरफ्तार करके उनके पास से दो करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किये गये। उन्होंने कहा कि गोपनीय सूचना के आधार पर चलाए गए एक अभियान के दौरान यह गिरफ्तारी और बरामदगी की गई। शर्मा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “कछार पुलिस ने 2.2 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त किये।’’ उन्होंने कहा कि सिलचर पुलिस के तहत सिलदुबी में सिल्कोरी रोड पर प्राप्त सूचना के आधार पर एक वाहन को रोका गया। उन्होंने कहा कि वाहन से कुल 415 ग्राम हेरोइन और दो लाख रुपये नकद बरामद किए गए। 

सीएम हिमंता बिस्व सरमा ने दी जानकारी

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘इस संबंध में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।’’ उन्होंने मादक पदार्थ के खतरे के खिलाफ पुलिस बल के प्रयासों की सराहना की। बता दें कि इससे पहले असम के कछार जिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके पास से 14 करोड़ रुपये की मूल्य का नशीला पदार्थ पकड़ा गया था। गिरफ्तार शख्स के पास से हेरोइन और याबा टैबलेट जब्त की गई। राज्य के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने मंगलवार को यह जानकारी दी। हिमंत विश्व शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'रामप्रसादपुर में बड़े पैमाने पर मादक पदार्थों का पता चला है। धोलाई पुलिस थाना के अधिकार क्षेत्र में कछार पुलिस ने एक वाहन को रोककर तलाशी ली। पुलिस ने 14 करोड़ रुपये मूल्य की 40,000 याबा टैबलेट और 260 ग्राम हेरोइन बरामद की है।

पहले भी पकड़े जा चुके हैं मादक पदार्थ

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि सर्च अभियान के दौरान एक संदिग्ध मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया गया। सीएम ने राज्य को नशा मुक्त बनाने में असम पुलिस के प्रयासों की सराहना की है। बता दें कि याबा मेथैम्फेटामाइन (एक शक्तिशाली और नशे का उत्तेजक) और कैफीन का मिश्रण है, जो गोलियों के तौर पर तैयार किया जाता है। इसे याबा टैबलेट के नाम से जाना जाता है। तस्करी में शामिल लोग याबा टैबलेट कई राज्यों में अवैध तरीके से स्पलाइ करते हैं। असम सरकार ने इसी का भंडाफोड़ किया है। 

(भाषा के इनपुट के साथ)