1. Hindi News
  2. नॉर्थ ईस्ट
  3. मणिपुर
  4. देश के इस हिस्से में भूकंप के झटके महसूस किए गए, रिक्टर पैमाने पर इतनी रही तीव्रता

देश के इस हिस्से में भूकंप के झटके महसूस किए गए, रिक्टर पैमाने पर इतनी रही तीव्रता

29 मार्च को दोपहर 2:31 बजे मणिपुर में रिक्टर स्केल पर 3.8 तीव्रता का भूकंप आया। भूकंप का केंद्र मणिपुर के नोनी में 10 किलोमीटर की गहराई पर था, जिसका निर्देशांक 24.90 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 93.59 डिग्री पूर्वी देशांतर पर था।

मणिपुर में भूकंप के झटके- India TV Hindi
Image Source : PTI मणिपुर में भूकंप के झटके

इंफालः मणिपुर के नोनी जिले में शनिवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 3.8 तीव्रता दर्ज की गई। अधिकारियों ने बताया कि अभी तक इसमें किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने कहा कि दोपहर दो बजकर 31 मिनट पर भूकंप का झटका महसूस किया गया। पूर्वोत्तर राज्य के नोनी जिले में भूकंप आया। इसने बताया कि भूकंप की गहराई 10 किलोमीटर थी।

पूर्वोत्तर राज्यों में अक्सर आते रहे हैं हल्के भूकंप

बता दें कि पूर्वोत्तर राज्य उच्च भूकंपीय क्षेत्र में आते हैं और इस क्षेत्र में अक्सर भूकंप आते रहते हैं। इससे पहले फरवरी के अंतिम सप्ताह में असम में भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5 दर्ज की गई। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र की रिपोर्ट में बताया गया कि भूकंप ब्रह्मपुत्र के दक्षिणी तट पर मोरीगांव जिले में देर रात दो बजकर 25 मिनट पर 16 किलोमीटर की गहराई पर दर्ज किया गया था। भूकंप का केंद्र मध्य असम में गुवाहाटी से लगभग 52 किलोमीटर पूर्व में था। 

असम के इन जिलों में दर्ज किया गया था भूकंप

भूकंप कामरूप मेट्रोपॉलिटन, नगांव, पूर्वी कार्बी आंगलोंग, पश्चिम कार्बी आंगलोंग, होजई, दीमा हसाओ, गोलाघाट, जोरहाट, शिवसागर, कछार, करीमगंज, हैलाकांडी, धुबरी, दक्षिण सलमारा-मनकाचर और गोलपारा जिलों में भी महसूस हुए थे।

मेघालय में भी जनवरी में आया था भूकंप

वहीं, दक्षिणी मेघालय में जनवरी को मध्यम तीव्रता का भूकंप आया था। भूकंप दोपहर करीब 12:30 बजे दक्षिण पश्चिम खासी हिल्स जिले में 4.1 तीव्रता का भूकंप आया, जिसका केंद्र 10 किलोमीटर की गहराई में था। भूकंप के झटके पूरे राज्य में महसूस किये गये थे। भूकंप में जान-माल के किसी प्रकार के नुकसान नहीं हुआ था। मेघालय उच्च जोखिम वाले भूकंपीय क्षेत्र पांच में स्थित है।

इनपुट- भाषा