1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. राजा वडिंग बोले- 'अहमद शाह अब्दाली बन चुके हैं भगवंत मान', 8 सितंबर को बड़े प्रदर्शन का ऐलान

राजा वडिंग बोले- 'अहमद शाह अब्दाली बन चुके हैं भगवंत मान', 8 सितंबर को बड़े प्रदर्शन का ऐलान

अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने साफ किया कि कांग्रेस 8 सितंबर को पंजाब में बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन करेगी। उन्होंने भगवंत मान की तुलना अहमद शाह अब्दाली से की और कहा कि पंजाब के लोगों ने अहमद शाह अब्दाली को मुंह तोड़ जवाब दिया था।

Amrinder Singh- India TV Hindi
Image Source : PTI अमरिंदर सिंह राजा वडिंग

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने पंजाब पुलिस की कार्रवाई का विरोध किया है। उन्होंने कहा कि पुलिस के अत्याचार के खिलाफ 8 अगस्त को राज्य स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। कांग्रेस नेता ने पंजाब सीएम की तुलना अफगानी शासक और आक्रांता अहमद शाह अब्दाली से की। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों ने अहमद शाह अब्दाली को भी मुंह तोड़ जवाब दिया था।

राजा वडिंग ने कहा, "मुख्यमंत्री अहमद शाह अब्दाली का रूप धारण कर चुके हैं। भगवंत मान अपने आपको अहमद शाह अब्दाली समझने लगे हैं। पंजाब के लोगों ने अहमद शाह अब्दाली को भी मुंह तोड़ जवाब दिया था। जिस प्रकार से उस नौजवान साथी को दरिंदगी के साथ भगवंत मान की पिट्ठू पुलिस ने पीटा है, मैं उसकी निंदा करता हूं और ये गलत हुआ है।

पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, "जहां भगवंत मान जाते हैं, वहां लोग प्रदर्शन करना चाहते हैं, लेकिन घेराबंदी, नाकाबंदी, जितने लोग उसके प्रोग्राम में आते हैं गांव में, उससे ज्यादा पुलिस के कर्मचारी तैनात होते हैं। पंजाब के अंदर एक बंदे ने काला झंडा दिखाया। काला झंडा प्रधानमंत्री को भी लोग दिखा देते हैं, जिस दरिंदगी के साथ पुलिस वाले ने, एसएसपी ने और उनके पुलिसवालों ने पीटा है, डिसमिस करना चाहिए ऐसे एसएसपी को और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज होना चाहिए।

प्राइवेट पार्ट्स पर करंट लगाने का आरोप

अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने कहा, "मैंने नेशनल ह्यूमन राइट्स कमीशन को चिट्ठी लिखी है। मोहनजीत को दारू पिलाई गई नशा कराया गया, फिर डोप टेस्ट कराया, फिर कट लगाए, प्राइवेट पार्ट्स के ऊपर करंट लगाया। मैं खुद मौके पर पीड़ित से मिलने जा रहा हूं और जरूरत पड़ी तो वहां विरोध प्रदर्शन भी करेंगे।" पंजाब सरकार के खिलाफ तमाम मुद्दों को लेकर हम 8 सितंबर को चंडीगढ़ में बड़े स्तर पर कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल की अगुवाई में विरोध प्रदर्शन करेंगे।

पंजाब का दौरा कर सकते हैं राहुल गांधी

कांग्रेस की पंजाब इकाई में कथित गुटबाजी के बीच पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने गुरुवार को बैठक की और राज्य में इस महीने के अंत में प्रस्तावित राहुल गांधी की यात्रा को लेकर चर्चा की। सूत्रों ने बताया कि वरिष्ठ नेताओं ने विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश कांग्रेस में चल रही खींचतान पर भी विचार-विमर्श किया और संगठन को मजबूत करने के लिए कुछ महत्वपूर्ण फैसले जल्द लिए जाने की संभावना है।

15 सितंबर के आसपास पंजाब जा सकते हैं राहुल

पंजाब मामलों के कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल ने कहा कि राज्य में राहुल गांधी की प्रस्तावित यात्रा को लेकर बैठक हुई। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ''इस संबंध में प्रस्ताव उनके कार्यालय को भेज दिया गया है और यात्रा की तारीख जल्द तय की जाएगी।'' बघेल ने कहा, ''यात्रा 15 सितंबर के आसपास होने की संभावना है, जो इसके लिए तय की गई संभावित तारीख है।'' सूत्रों के अनुसार, बैठक में पार्टी के भीतर चल रही गुटबाजी के मुद्दे पर भी चर्चा हुई और शीर्ष नेतृत्व जल्द ही इस समस्या का समाधान कर सकता है।

यह भी पढ़ें-

पंजाब में सिख युवक पर हमला, सुखबीर सिंह बादल ने AAP पर लगाए गंभीर आरोप; NHRC के दखल की मांग

पंजाब में गुटबाजी खत्म करने के लिए प्रयास तेज, जल्द ही कुछ बड़े बदलाव कर सकती है कांग्रेस