1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. अमृतसर में अनजान हमलावरों ने की ASI हरजीत सिंह की हत्या, CM मान ने किया 1 करोड़ के मुआवजे का ऐलान

अमृतसर में अनजान हमलावरों ने की ASI हरजीत सिंह की हत्या, CM मान ने किया 1 करोड़ के मुआवजे का ऐलान

अमृतसर में ASI हरजीत सिंह को अनजान हमलावरों ने मार डाला है। गोली मारकर उनकी हत्या कर दी गई है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शहीद ASI के परिजनों को 1 करोड़ रुपये का मुआवजा देने का ऐलान किया है।

अमृतसर में ASI हरजीत...- India TV Hindi
Image Source : REPORTERS INPUT अमृतसर में ASI हरजीत सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई है।

पंजाब के अमृतसर में ASI हरजीत सिंह की हत्या कर दी गई है। मोटरसाइकिल पर पेट्रोलिंग के दौरान उनको गोली मारी गई है। गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात करीब 2.30 बजे पुलिस स्टेशन गेट हकीमा इलाके में तैनात ASI हरजीत सिंह दाना मंडी के पास मोटरसाइकिल पर पेट्रोलिंग कर रहे थे। पेट्रोलिंग के दौरान ही कुछ अनजान लोगों ने उनकी हत्या कर दी है।

आसपास लगे CCTV कैमरों की हो रही जांच

बता दें कि ASI हरजीत सिंह को घायल हालत में अमृतसर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी मौत हो गई। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के CCTV कैमरों की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री मान ने किया मुआवजे का ऐलान

इस घटना पर पंजाब के सीएम भगवंत मान ने X पर गुरमुखी भाषा में पोस्ट किया, 'जिला अमृतसर में अपनी ड्यूटी निभाते हुए शहादत देने वाले ASI हरजीत सिंह की बहादुरी को दिल से सलाम। उनकी असीम हिम्मत और ड्यूटी के प्रति समर्पण को हमेशा याद रखा जाएगा। पंजाब सरकार दुख की इस घड़ी में शहीद के परिवार के साथ चट्टान की तरह खड़ी है। सरकार की तरफ से 1 करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि और HDFC बैंक की ओर से 1 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बीमा परिवार को सम्मान स्वरूप दिया जाएगा। हम अपने शहीदों और उनके परिवारों की हर संभव सहायता के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उनका यह महान बलिदान हम सभी को अपनी ड्यूटी पूरी बहादुरी और ईमानदारी से निभाने की प्रेरणा देता रहेगा।'

ASI हरजीत सिंह की हत्या पर DGP ने जताया दुख

ASI हरजीत सिंह के हत्याकांड पर पंजाब पुलिस के DGP ने दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किया, 'हमारे बहादुर पुलिस अफसर, अमृतसर जिले के ASI हरजीत सिंह ने ड्यूटी निभाते हुए अपनी जान न्योछावर कर दी है।'

शहीद के परिवार के साथ खड़ी है पंजाब पुलिस

अपने X पोस्ट में पंजाब पुलिस के DGP ने आगे लिखा, 'पंजाब पुलिस दुख की इस घड़ी में शहीद के परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। मुख्यमंत्री ने उनके परिवार के लिए 1 करोड़ रुपये की आर्थिक मदद का ऐलान किया है, जबकि HDFC बैंक की तरफ से परिवार को 1 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बीमा भुगतान भी किया जाएगा। शहीद को पूरे पुलिस सम्मान के साथ विदाई दी जाएगी। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे। हमारी प्रार्थनाएं उनके परिवार और रिश्तेदारों के साथ हैं।'

हाल में AAP नेता की भी गोली मारकर हुई थी हत्या

इससे पहले हाल ही में पंजाब के सीमावर्ती जिले फिरोजपुर में आम आदमी पार्टी से जुड़े लोकल लीडर की हत्या कर दी गई थी। यह वारदात ममदोट कस्बे के मुख्य बाजार में अंजाम दी गई थी। मृतक की पहचान गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी के रूप में हई थी। चार हथियारबंद हमलावरों ने गोली मारकर गोपी की हत्या कर दी थी। गोपी की उम्र करीब 45 साल थी। इस घटना में गोपी के साथ मौजूद रहे 22 साल के हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी भी जख्मी हो गए थे।

(इनपुट- विशाल शर्मा)

ये भी पढ़ें- पालतू कुत्ते ने पकड़ा मालिक का हत्यारा, ढूंढ़ निकाली जमीन में दफन शव, दोषी को उम्रकैद की सजा