1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. बरनाला में नशा विरोधी कमेटी के सदस्य पर जानलेवा हमला, पैर में मारी गोली; अस्पताल में भर्ती

बरनाला में नशा विरोधी कमेटी के सदस्य पर जानलेवा हमला, पैर में मारी गोली; अस्पताल में भर्ती

बरनाला में कुछ लोगों ने एक व्यक्ति पर हमला कर दिया। डॉक्टर ईशान ने बताया कि मरीज को गनशॉट इंजरी के साथ सुपर स्पेशलिटी अस्पताल लाया गया है। सिटी स्कैन और अन्य जांच के बाद ही गोली के बारे में सही स्थिति सामने आएगी। फिलहाल मरीज की हालत स्थिर है।

अस्पताल में भर्ती युवक- India TV Hindi
Image Source : REPORTER अस्पताल में भर्ती युवक

पंजाब के बरनाला के गांव कालेके में नशों के खिलाफ बनाई गई कमेटी के सदस्यों द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करने पर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। नशा बेचने और इस्तेमाल करने वालों को पकड़वाने से नाराज कुछ व्यक्तियों ने कमेटी के एक सदस्य (अमन) के घर पर हमला कर दिया और उसकी टांग में गोली मार दी। उसे गंभीर हालत में बरनाला के अस्पताल रेफर किया गया है। नशा रोकने वाले व्यक्ति पर चार आरोपियों द्वारा अवैध हथियारों से फायरिंग की गई, जिसके चलते इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। फिलहाल अभी ये चारों आरोपी फरार हैं। पुलिस का कहना है कि इन आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार करके सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

घायल ने बताया पूरा घटनाक्रम

इस मौके पर घायल अमनदीप सिंह ने पूरी घटना की जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें कुछ व्यक्तियों के पास से नशीला पदार्थ मिला था। इस बारे में तुरंत इमरजेंसी नंबर 112 पर कॉल करके पुलिस को सूचना दी गई और मौके पर ही उन व्यक्तियों को पुलिस के हवाले कर दिया गया। अमनदीप सिंह ने बताया कि पुलिस की ओर से इस मामले में औपचारिक रूप से केस दर्ज करवाने के लिए उन्हें पुलिस स्टेशन आने को कहा गया था। उन्होंने पुलिस से अनुरोध किया था कि वह खाना खाकर और नहाकर कुछ समय में थाने पहुंच रहे हैं। इसी दौरान नशा करने और बेचने वाले व्यक्तियों के साथी गुस्से में आकर सीधे उनके घर पहुंच गए। हमलावरों ने घर के गेट को जोर-जोर से धक्का दिया और कुछ ही समय में उनके घर पर फायरिंग शुरू कर दी। इस गोलीबारी के दौरान एक गोली सीधे अमनदीप सिंह की टांग में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

नशा विरोधी कमेटी ने दी ये जानकारी

कमेटी सदस्य सुखचैन सिंह चीना ने बताया कि गांव की पंचायत, सरपंच और संगठनों ने मिलकर गांव में से नशा खत्म करने के लिए एक नशा विरोधी कमेटी बनाई थी। पिछले 15-20 दिनों से वे लगातार सफेद नशा बेचने या इस्तेमाल करने वालों को पकड़वाते आ रहे हैं। सुबह करीब साढ़े नौ बजे सूचना मिली कि कुछ युवक किसी के घर में सफेद नशा पी रहे हैं। जब कमेटी के सदस्य वहां पहुंचे तो युवक नशा खत्म कर चुके थे और मौके से सिल्वर पेपर और लाइटर बरामद हुए। 

पूछताछ के दौरान वहां मौजूद एक युवक ने अपने बाकी साथियों के नाम बताए, जो मौके से फरार हो गए। कमेटी ने घर में मौजूद युवक को तुरंत प्रशासन के हवाले कर दिया। इसके बाद जब कमेटी के सदस्य खाना खाने के लिए घर गए तो सूचना मिली कि रणजीत सिंह राजू, सुखप्रीत सिंह सुख्खू, सुखचैन सिंह चहण और प्रिंस ने अमन के घर जाकर फायरिंग कर दी है। सुखचैन सिंह चीना ने बताया कि हमलावर उसके घर की तरफ भी आए, जिस पर उसने अपनी सेल्फ डिफेंस (आत्मरक्षा) के लिए लाइसेंसी हथियार से हवा में फायर किए। इसके बाद हमलावर गाड़ी में फरार हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य आरोपी रणजीत सिंह राजू के खिलाफ पहले भी अवैध हथियार और एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। गांववासियों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

डीएसपी डी राजिंदर पाल सिंह ने पुष्टि की है कि गांव कालेके में मनदीप सिंह (अमन) पर चार व्यक्तियों की ओर से फायरिंग की गई है। पीड़ित परिवार के बयानों के आधार पर मामला दर्ज किया जा रहा है और अलग-अलग टीमें बनाकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। इससे पहले अभी हाल में ही परविंदर सिंह झोटा की हत्या कर दी गई थी। परविंदर झोटा मानसा इलाके के रहने वाले थे और ड्रग्स के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करते थे।

रिपोर्टः प्रवीण ऋषि

ये भी पढ़ेंः परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड मामले में एक्शन, DSP गिल और ड्रग इंस्पेक्टर को किया गया सस्पेंड