A
  1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. अश्वनी कुमार शर्मा फिर बने पंजाब बीजेपी के अध्यक्ष, सुनील जाखड़ की जगह मिली नई जिम्मेदारी

अश्वनी कुमार शर्मा फिर बने पंजाब बीजेपी के अध्यक्ष, सुनील जाखड़ की जगह मिली नई जिम्मेदारी

अश्वनी कुमार शर्मा इससे पहले भी पंजाब बीजेपी के अध्यक्ष रह चुके हैं। जुलाई 2023 में उनकी जगह सुनील जाखड़ को यह जिम्मेदारी दी गई थी। अब दोबारा अश्वनी शर्मा को पंजाब बीजेपी का अध्यक्ष चुना गया है।

ashwani sharma- India TV Hindi
Image Source : PTI अश्वनी कुमार शर्मा

अश्वनी कुमार शर्मा को पंजाब बीजेपी का नया अध्यक्ष चुना गया है। भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को विधायक अश्वनी कुमार शर्मा पार्टी की प्रदेश इकाई का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया। पार्टी की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारा की गई यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। पंजाब विधानसभा में पठानकोट सीट का प्रतिनिधित्व करने वाले अश्वनी कुमार शर्मा पहले भी पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष रह चुके हैं। 

जुलाई 2023 में अश्वनी कुमार शर्मा की जगह सुनील जाखड़ को भाजपा की पंजाब इकाई का प्रमुख बनाया गया था। उन्होंने लगभग दो साल तक यह जिम्मेदारी संभाली और अब दोबारा अश्वनी कुमार शर्मा को यह जिम्मेदारी दी गई है। हालांकि, उन्हें कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। पंजाब में चुनाव से पहले बीजेपी नया अध्यक्ष चुन सकती है।

रवनीत सिंह बिट्टू ने दी बधाई

केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने शर्मा को भाजपा की पंजाब इकाई का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर बधाई दी। उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि शर्मा का "व्यापक अनुभव और पार्टी के प्रति अटूट प्रतिबद्धता निस्संदेह पंजाब में भाजपा की स्थिति को मजबूत करेगी।" खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री बिट्टू ने पोस्ट में कहा, "प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में इस नयी जिम्मेदारी में आपको बड़ी सफलता की शुभकामनाएं।"

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव जल्द

भारतीय जनता पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव इसी महीने होना है। लंबे समय से जेपी नड्डा यह जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। जेपी नड्डा का कार्यकाल जून 2024 में खत्म हो चुका है। वह केंद्र सरकार में मंत्री भी हैं। ऐसे में वह एक साल से अतिरिक्त जिम्मेदरी संभाल रहे हैं। बीजेपी के नियमों के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होने से पहले राज्यों में नए अध्यक्ष का चुनाव होना जरूरी है। इसी वजह से बीजेपी राज्यों में नए अध्यक्ष चुन रही है। जल्द ही पार्टी नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का भी ऐलान कर सकती है। (इनपुट- पीटीआई भाषा)