पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोमवार को पेप्सू रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (PRTC) की 250 नई बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि आने वाले समय में निगम के बेड़े में 300 से अधिक अतिरिक्त बसें भी शामिल की जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने इस पहल को राज्य के परिवहन तंत्र को सुदृढ़ बनाने की दिशा में अहम बताया। उन्होंने कहा कि नई बसों के शामिल होने से न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
पीआरटीसी की वित्तीय स्थिति में सुधार पर प्रकाश डालते हुए सीएम मान ने बताया कि निगम के सकल राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2021-22 में जहां राजस्व 607.09 करोड़ रुपये था, वहीं 2024-25 में यह बढ़कर 927.83 करोड़ रुपये हो गया है, जो लगभग 53 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है।
उन्होंने आगे कहा कि चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 में पीआरटीसी का सकल राजस्व 950 करोड़ रुपये से अधिक होने की उम्मीद है, जो कुल मिलाकर लगभग 57 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है।
फसल नुकसान के आकलन का आदेश
एक अन्य खबर में, मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोमवार को कहा कि उनकी सरकार ने खराब मौसम से फसलों को हुए नुकसान का आकलन कराने के आदेश दिए हैं और प्रभावित किसानों को मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमने 'गिरदावरी' (फसल क्षति सर्वेक्षण) के आदेश दे दिए हैं और इसके बाद जिन किसानों की फसल को नुकसान हुआ है, उन्हें मुआवजा दिया जाएगा।
ये भी पढ़ें-
पश्चिम बंगाल: वोटिंग लिस्ट से हटाए गए 90 लाख नाम, लंबित मामलों वाले वोटर्स को करना होगा इंतजार
"5 दिन से घर से लापता था", दिल्ली विधानसभा में घुसने वाले आरोपी को लेकर चौंकाने वाले खुलासे