चंडीगढ़ः पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के OSD (ऑफ़िसर ऑन स्पेशल ड्यूटी) राजबीर सिंह घुम्मन को भ्रष्टाचार और पद का गलत इस्तेमाल करने के आरोपों से जुड़े एक मामले में बुधवार को दोपहर चंडीगढ़ के सेक्टर 30 स्थित CBI दफ़्तर में पेश होने के लिए कहा गया है। बीती रात हुई रेड्स को लेकर उन्हें आज पूछताछ के लिए बुलाया गया है।
आप बोली- नहीं मिला समन
सूत्रों के मुताबिक सीबीआई के सामने पेश होने से पहले राजवीर घुम्मन कोर्ट में रिलीफ के लिए जा सकते हैं। आज उनके सीबीआई के सामने पेश होने की संभावना बेहद कम है। आम आदमी पार्टी का कहना है कि अभी कोई समन नहीं मिला है।
सीबीआई ने कई जगहों पर की छापेमारी
यह घटनाक्रम CBI द्वारा घुम्मन और पांच अन्य लोगों के ख़िलाफ़ FIR दर्ज करने और पंजाब के मुख्यमंत्री के कैंप ऑफ़िस और सात अन्य जगहों पर तलाशी और ज़ब्ती की कार्रवाई करने के एक दिन बाद हुआ है। FIR में नामज़द अन्य लोगों में नितिन गोहल, जतिन गोहल उर्फ़ राजा, रोमी राजा महाजन, बीर देविंदर और RS नागरा शामिल हैं। FIR में नामज़द सभी छह लोगों और घुम्मन के रिश्तेदारों के घरों पर तलाशी ली गई। CBI ने मंगलवार को कहा कि उसने छह लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है, जिनमें दो सरकारी कर्मचारी, बिचौलिए और सहयोगी शामिल हैं। यह अभी साफ़ नहीं है कि घुम्मन आज CBI के सामने पेश होंगे या नहीं।
हाई कोर्ट के आदेश पर सीबीआई कर रही जांच
बता दें कि मंगलवार को CBI ने चंडीगढ़ में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के कैंप ऑफिस और उनके ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी (OSD) राजबीर सिंह घुम्मन के घर पर तलाशी ली। जांच एजेंसी ने कहा कि उसने आरोपियों से जुड़ी जगहों पर आठ ठिकानों पर तलाशी ली, जिनमें चंडीगढ़, मोहाली, गुरदासपुर, लुधियाना, पटियाला, संगरूर और जालंधर शामिल हैं। घुम्मन के घर पर छापेमारी शाम करीब 6:15 बजे शुरू हुई। यह कार्रवाई पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट के उस आदेश के एक दिन बाद हुई है जिसमें एजेंसी को मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच करने और केस दर्ज करने का निर्देश दिया गया था।
ये भी पढ़ेंः पंजाब सरकार ने CBI जांच के आदेश को दी चुनौती, सुप्रीम कोर्ट से अर्जेंट सुनवाई की मांग, कहा- जल्द होने वाले हैं चुनाव